Shakti Samachar Online

प्रकृति की रक्षा के लिए प्रेरित करता है सेवा पर्व पखवाड़ा-गहतोड़ी


गगास राजि के अंतर्गत हुआ कार्यक्रम
रानीखेत। प्रभागीय वनाधिकारी भूमि संरक्षण वन प्रभाग रानीखेत हेम चंद्र गहतोड़ी ने सेवा पर्व पखवाड़ा स्वच्छोत्सव के आयोजन को अहम बताया। उन्होंने कहा कि यह पहल हमें सामूहिक स्वच्छता के साथ ही प्रकृति की रक्षा के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि प्रकृति के संरक्षण के लिए हमें लगातार पौधारोपण करते रहना होगा वहीं लगाए गए पौधों की सुरक्षा भी करनी होगी। गहतोड़ी ने बुधवार को भूमि संरक्षण वन प्रभाग रानीखेत के गगास राजि अंतर्गत स्थित कालिका माता मंदिर परिसर में सेवा पर्व पखवाडे के आयोजित कार्यक्रम में यह विचार व्यक्त किए। इसका आयोजन उनके निर्देशन व वन क्षेत्राधिकारी राजीव जोशी के नेतृत्व में किया गया। इस मौके पर लैन्टाना घास को हटाया गया तथा इसके बाद बॉज प्रजाति के पौधे लगाए गए। लगभग 25 से अधिक पौधों का रोपण किया गया। प्रभागीय वनाधिकारी गहतोड़ी ने कहा कि इस प्रकार की पहल जारी रखी जाएगी। इसमें आम जन की सहभागिता को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। वन क्षेत्राधिकारी राजीव जोशी ने प्रभागीय वनाधिकारी का स्वागत व आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम में उत्साह के साथ भाग लेने के लिए कार्मिकों का भी धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में संजय सिंह बिष्ट महेंद्र सिंह अधिकारी सौरभ सिंह मेहरा हेम चंद्र कांडपाल मोहन सिंह परिहार उमेश भारती शेर सिंह रमेश कुमार मदन सिंह बिष्ट प्रकाश सिंह नेगी नवल किशोर जोशी श्याम सुंदर सिंह ज्येडा आदि की भागीदारी की।

error: Content is protected !!