राजनैतिक दल अपने-अपने स्तर से बीएलए की नियुक्ति शीघ्रातिशीघ्र सुनिश्चित करें
Almora-अल्मोड़ा,आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम तथा प्री-एसआईआर (Pre-SIR) की प्रगति के संबंध में आज अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनैतिक दलों से अपील की कि वे अपने-अपने स्तर से बीएलए प्रथम (Booth Level Agent-1) एवं बीएलए द्वितीय (Booth Level Agent-2) की नियुक्ति शीघ्रातिशीघ्र सुनिश्चित करें, ताकि मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से संपादित किया जा सके।
बैठक में अवगत कराया गया कि जनपद की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में वर्तमान में कुल 5,32,944 मतदाता पंजीकृत हैं। प्री-एसआईआर के अंतर्गत अब तक 95.57 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूर्ण की जा चुकी है, जो संतोषजनक प्रगति को दर्शाती है।
जिन बूथों पर मैपिंग कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं हो पाई है, उनके संबंध में राजनैतिक दलों से अपेक्षा की गई कि वे संबंधित बीएलओ (Booth Level Officer) से समन्वय स्थापित कर शेष मैपिंग कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं त्रुटिरहित होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है। अतः सभी संबंधित पक्ष समन्वय एवं सहभागिता के साथ इस महत्वपूर्ण कार्य को समयबद्ध रूप से पूर्ण करें।
बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी भरत सिंह रावत समेत विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।