Shakti Samachar Online

कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने किया मानसखण्ड विज्ञान केंद्र, का भ्रमण


Almora-कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने मानसखण्ड विज्ञान केंद्र, अल्मोड़ा का भ्रमण किया। उनके आगमन पर विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक प्रभारी डॉ. नवीन चंद्र जोशी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया। अपने भ्रमण के दौरान आयुक्त महोदय ने विज्ञान केंद्र में स्थापित विभिन्न वैज्ञानिक दीर्घाओं, मॉडलों एवं इंटरएक्टिव प्रदर्शों को अत्यंत रुचि के साथ देखा तथा प्रदर्शों के माध्यम से विज्ञान की जटिल अवधारणाओं को सरल एवं रोचक ढंग से प्रस्तुत किए जाने की सराहना की। इस अवसर पर डॉ. नवीन चंद्र जोशी ने उन्हें प्रदर्शों से जुड़ी वैज्ञानिक अवधारणाओं, उनके शैक्षणिक महत्व तथा विद्यार्थियों एवं आमजन में वैज्ञानिक सोच विकसित करने में उनकी उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही भविष्य में इस विज्ञान केंद्र को और अधिक सशक्त शैक्षणिक एवं भ्रमण केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी सार्थक चर्चा की गई। इस दौरान केंद्र के एमेरिटस वैज्ञानिक डॉ. जी.सी.एस. नेगी ने हरित कार्बन क्रेडिट आकलन विषय पर वर्तमान में किए जा रहे शोध कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस विज्ञान केंद्र में यूकॉस्ट, देहरादून द्वारा एक कार्बन क्रेडिट सेल की स्थापना प्रस्तावित है, जो पर्यावरण संरक्षण, सतत वन प्रबंधन तथा जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझने एवं आंकलन करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होगी। इस दौरान केन्द्रीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपने शैक्षणिक भ्रमण के अंतर्गत केंद्र में स्थापित विभिन्न वैज्ञानिक मॉडलों एवं विज्ञान के अनेक प्रयोगों के विषय में जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों ने इंटरएक्टिव प्रदर्शों के माध्यम से विज्ञान को सीखने में विशेष उत्साह एवं जिज्ञासा प्रदर्शित की। आयुक्त ने विज्ञान केंद्र की गतिविधियों की प्रशंसा करते हुए आशा व्यक्त की कि मानसखण्ड विज्ञान केंद्र भविष्य में कुमाऊँ क्षेत्र में विज्ञान शिक्षा, पर्यावरणीय जागरूकता एवं जनसहभागिता का एक प्रभावी केंद्र बनकर उभरेगा। उन्होंने विज्ञान केंद्र का अवलोकन कर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे संस्थान समाज में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

error: Content is protected !!