पंचायत की बैठक में छाए रहे बिजली, पानी, शिक्षा सहित अनेक मुद्दे-क्षेत्र पंचायत धौलादेवी की बैठक में सदस्यों ने अधिकारियों की कार्य शैली पर उठाए सवाल
Almora दन्यां: क्षेत्र पंचायत धौलादेवी की बैठक में बिजली, पानी, शिक्षा, यातायात सहित अनेक मुद्दों पर तीखी बहस हुई। अनेक सदस्य विभागीय अधिकारियों की कार्यशैली को लेकर काफी असंतुष्ट दिखाई दिए। ब्लाक प्रमुख लीला बिष्ट ने अधिकारियों से सदस्यों समस्याओं को हल करने के लिए समय सीमा निर्धारित कर तय समय में निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में सभी सदस्यों ने पिछले कार्यकाल की अवशेष निधि को नए सदस्यों में उनकी कार्ययोजना के अनुसार वितरित करने का प्रस्ताव पारित किया गया।
ब्लाक प्रमुख लीला बिष्ट की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत धौलादेवी की बैठक तय समय से एक घंटा बिलंब से शुरू हुई। बैठक में पिछली बैठक की कार्रवाई पढ़ कर सुनाई गई। एजेंडे के अनुसार सर्वप्रथम विद्युत विभाग की समीक्षा हुई। कई ग्राम पंचायतों के प्रधानों और बीडीसी सदस्यों ने विद्युत लाइन की दयनीय हालत और आपूर्ति को लेकर सवाल उठाए। विभागीय अधिकारियों ने जीर्ण शीर्ण लाइन की मरम्मत और आपूर्ति सुचारू करने के लिए एक माह का समय मांगा। चर्चा में पोखरी के प्रधान संताेष टम्टा, आन सिंह गैड़ा, शेखर पांडे, प्रकाश भारती, सहित नौगांव, कुंजागूंठ, बरतोली, चौना, सेली, बजेला, चौनडुंगरी सहित अनेक ग्राम पंचायतों के जन प्रतिनिधियों ने समस्याएं उठाई।

अधिशासी अभियंता कन्हैया जी मिश्रा ने एक माह के भीतर सदस्यों की समस्याओं का निराकरण करने का आश्वासन दिया। पेयजल की समस्या को लेकर भी बीडीसी सदस्य और ग्राम प्रधान आक्रोशित दिखे। जल निगम, जल संस्थान और जल जीवन मिशन की कार्यप्रणाली को लेकर प्रधानों ने रोष जताया। कोला, भेटाबड़ौली, बालीखेत, दशौला बडियार, मझेड़ा, खोला, चौना, चमतोला, मेलकांडे सहित दर्जनों ग्राम पंचायतों की दयनीय पेयजल समस्याएं सदन में उठी। ब्लाक प्रमुख ने अधिकारियों से निर्धारित समय में लोगों की समस्याएं हल करने के निर्देश दिए। चर्चा में प्रधान संगठन के अध्यक्ष सुरेश भट्ट, बसंत जोशी कोला, हरीश मलाड़ा, कैलाश पांडे सेली सहित अनेक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। शिक्षा विभाग में रिक्त पदों को लेकर भी सदस्य आक्रोशित हुए। व्यवस्था को लेकर भी ग्राम प्रधानों ने नाराजगी जताई। सीडीओ रामजी शरण ने विभागीय अधिकारियों को व्यवस्था शीघ्र सुचारू करने के निर्देश दिए। बैठक में राशन कार्ड संशोधन, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य, सिंचाई आदि विभागों की समस्याओं को भी सदस्यों ने प्रमुखता से उठाया। ब्लाक प्रमुख लीला बिष्ट ने सदस्यों को आश्वस्त किया कि विभागीय अधिकारी दिए हुए समय के अनुसार कार्य पूर्ण करेंगे। सीडीओ ने भी सदन में सदस्यों को आश्वस्त किया। बैठक में उप जिलाधिकारी सौम्या बृजवाल, पीडी केएन तिवारी, मुख्य शिक्षाधिकारी सीएस बिष्ट, खंड शिक्षाधिकारी प्रेमा बिष्ट सहित समस्त विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित हुए।