Shakti Samachar Online

ग्रीषकाल में पेयजल किल्लत से निपटने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार रखने तथा निर्बाध आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के निर्देश।

अल्मोड़ा, जनपद में संचालित जल जीवन मिशन के अंतर्गत विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा हेतु जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक विकासभवन में आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि सभी लंबित परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए तथा गुणवत्ता मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।

जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि पाइपलाइन बिछाने, जल स्रोतों के विकास एवं टंकियों के निर्माण से संबंधित कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जिन क्षेत्रों में कार्य धीमी गति से चल रहे हैं, वहां विशेष ध्यान देते हुए कार्यों में तेजी लाई जाए।

बैठक में जलापूर्ति योजनाओं की वर्तमान स्थिति, हर घर जल कनेक्शन की प्रगति, तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचे।

इस दौरान जिलाधिकारी ने ग्रीषकाल में पेयजल किल्लत से निपटने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार रखने तथा निर्बाध आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।

बैठक में विभिन्न योजनाओं के निर्माण के लिए वनभूमि हस्तांतरण प्रकरणों की भी समीक्षा हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी प्रकरणों का निस्तारण करते हुए कार्यों में अपेक्षित प्रगति लाई जाए।

इस बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!