Shakti Samachar Online

जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में रा.आ.प्रा.वि. क्वैरला के बच्चों ने परचम लहराया

Almora-जनपद अल्मोड़ा के सुदूरवर्ती ब्लॉक सल्ट में स्थित राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय क्वैरला के तीन छात्र छात्राओं का चयन हुआ है। नवोदय विद्यालय समिति द्वारा मंगलवार दिनांक 17 मार्च 2026 को जारी किए गए प्रवेश परीक्षा परिणाम में विद्यालय की गौरी रावत ने तीसरी रैंक, जय नैनवाल ने नवीं रैंक तथा वैष्णवी ने 144वीं रैंक से वर्ष 2025-26 की परीक्षा उत्तीर्ण की है। दुर्गम क्षेत्र में स्थित विद्यालय के बच्चों के बेहतर प्रदर्शन से क्षेत्रवासियों ने खुशी व्यक्त की है। रा.आ.प्रा.वि. क्वैरला से जहां विद्यालय में कार्यरत अध्यापकों की कड़ी मेहनत से विगत कई वर्षों से जवाहर नवोदय विद्यालय एवं राजीव गांधी नवोदय विद्यालय में छात्र छात्राओं का निरंतर चयन हो रहा है, वहीं दूसरी ओर विद्यालय के छात्र छात्राओं द्वारा ब्लॉक, जनपद एवं प्रदेश स्तर पर विभिन्न शैक्षणिक प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया जा रहा है। अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों ने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यालय के प्रधानाध्यापक शिव कुमार सिंह, सहायक अध्यापिका विमला ढौंडियाल, नीमा रावत तथा सहायक अध्यापक मुबीन अहमद को दिया है। रा.आ.प्रा.वि. क्वैरला के छात्र छात्राओं के बेहतर प्रदर्शन तथा विद्यालय परिवार की इस उपलब्धि पर खंड शिक्षा अधिकारी हरेंद्र शाह, सी आर सी समन्वयक पवन कुमार, एस एम सी अध्यक्ष जय नंद , उपाध्यक्ष बबीता रावत तथा मोहिंदर सिंह रावत, सुनील दत्त नैनवाल तथा समस्त क्षेत्रवासियों एवं विद्यालय से जुड़े पूर्व शिक्षक आनंद चौहान, खजान खाती, पायल गुप्ता, प्रकाश चंद्र घिल्डियाल ने हर्ष जताते हुए बधाइयां एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

error: Content is protected !!