महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में अत्यंत प्रभावी एचपीवी (HPV) वैक्सीनेशन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
अल्मोड़ा,अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में आज एचपीवी (HPV) वैक्सीनेशन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
कलेक्ट्रेट में हुई इस बैठक के दौरान एचपीवी वैक्सीनेशन की महत्ता एवं आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की गई। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि यह वैक्सीन विशेष रूप से महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में अत्यंत प्रभावी है, इसलिए अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को इससे आच्छादित करना आवश्यक है।
उन्होंने निर्देश दिए कि वैक्सीनेशन अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए लक्षित वर्ग के शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से व्यापक स्तर पर जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएं।
बैठक में एचपीवी वैक्सीन को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों एवं गलत धारणाओं को दूर करने पर भी विशेष जोर दिया गया। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि सही एवं वैज्ञानिक जानकारी के प्रचार-प्रसार के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाए, ताकि वे बिना किसी संकोच के इस टीकाकरण का लाभ उठा सकें।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसामान्य तक सरल एवं प्रभावी माध्यमों से जानकारी पहुंचाई जाए तथा वैक्सीनेशन के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार किया जाए, जिससे अभियान को सफल बनाया जा सके।
प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ अरविंद पांगती ने बताया कि यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित एवं कारगर है। उन्होंने बताया कि यह वैक्सीन
14 से 15 वर्ष तक की बालिकाओं के लिए बहुत जरूरी है। इस वेक्सीन से गर्भाशय के कैंसर को रोकने में मदद मिलती है। यह वैक्सीन 45 वर्ष तक की महिलाओं के लिए भी कारगर है। उन्होंने बताया कि जनपद के सभी ब्लॉकों के चिकित्साधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि लोगों को इस वेक्सीन के प्रति जागरूक करें तथा अधिक से अधिक बालिकाओं को वैक्सीनेट करें।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।