गौशाला का काम लटका, पार्षदों ने दिया जिलाधिकारी को ज्ञापन
अल्मोड़ा-अल्मोड़ा में एक एक ऐसा मामला सामने आया है जो वास्तव में कुछ विभागों की लचर कार्यशैली को दर्शाता है। सूबे के मुख्यमंत्री के द्वारा कुछ माह पूर्व गौशाला निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत की गई थी जिसमें अल्मोड़ा के भैंसवाडा में भी गौशाला का निर्माण होना था। प्रदेश सरकार के धन आवंटन के बाद गौशाला निर्माण के टेंडर भी हो गए। लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी पशुपालन विभाग ने भैंसवाडा स्थित गौशाला निर्माण के लिए विभागीय जमीन पर पेड़ों को काटने के लिए एन ओ सी नहीं दी जिससे टेंडर होने के बाबजूद गौशाला का निर्माण नहीं हो पाया लंबे समय से इस बात की प्रतीक्षा की जा रही है कि गौशाला बनने से नगर क्षेत्र में घूम रहे निराश्रित गौ वंश को रहने के लिए जगह मिल जाएगी। लेकिन पशु पालन विभाग की हील हवाली से गौशाला का काम लटका हुआ है जिससे जनप्रतिनिधियों में खासा नाराजगी है। इस बात को लेकर पार्षदों और स्थानीय लोगो का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मिला और मांग की कि गौवंश एवं आमजन के हित में अविलंब इस गौशाला का निर्माण प्रारंभ करवाया जाए एवं पशुपालन विभाग के कारण गौशाला निर्माण में जो देरी हो रही है उसके लिए सम्बन्धित को निर्देशित किया जाए। जिलाधिकारी से मिलने वालो में पार्षद अमित साह मोनू, पार्षद अभिषेक जोशी, ग्राम प्रधान विनोद जोशी, डॉ जे सी दुर्गापाल आशीष वर्मा कृष्ण बहादुर सिंह दीप जोशी अनूप साह सहित अन्य लोग शामिल रहे।