ELC के माध्यम से आयोजित जिला स्तरीय क्विज एवं निबंध प्रतियोगिता में अल्मोड़ा के विद्यार्थियों ने दिखाया प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय अल्मोड़ा एवं जिला स्वीप टीम के तत्वावधान में Electoral Literacy Club (ELC) के माध्यम से जिला स्तरीय निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज अल्मोड़ा में किया गया। प्रतियोगिता में जनपद की छह विधानसभा क्षेत्रों से चयनित छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा, ज्ञान एवं लोकतांत्रिक जागरूकता का परिचय दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य शिक्षा अधिकारी जनपद अल्मोड़ा श्री हरक राम कोहली रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में मतदाता जागरूकता, लोकतांत्रिक मूल्यों, निर्वाचन प्रक्रिया तथा जिम्मेदार नागरिकता के प्रति समझ विकसित करना रहा।
क्विज प्रतियोगिता में अल्मोड़ा विधानसभा प्रथम
क्विज प्रतियोगिता का आयोजन डिजिटल सॉफ्टवेयर के माध्यम से किया गया। इस सॉफ्टवेयर को जनपद स्वीप टीम के सदस्य श्री पंकज जोशी द्वारा तैयार किया गया था। प्रतियोगिता में मतदाता सूची की तैयारी, EVM एवं VVPAT, मतदान प्रक्रिया तथा मतगणना से संबंधित प्रश्नों के माध्यम से प्रतिभागियों के निर्वाचन संबंधी ज्ञान का मूल्यांकन किया गया।
क्विज प्रतियोगिता में अल्मोड़ा विधानसभा की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। टीम में राजकीय इंटर कॉलेज अल्मोड़ा के मनीष लोहानी, सौम्या जोशी एवं गीतिका पांडे तथा राजकीय इंटर कॉलेज पेटशाल के हर्षित तम्टा शामिल रहे।
द्वितीय स्थान रानीखेत विधानसभा की टीम ने प्राप्त किया। टीम में राजकीय इंटर कॉलेज जनौली की शिवानी एवं दिया करायत तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रानीखेत की यामिनी आर्या एवं लक्ष्मी देव शामिल रहीं।
तृतीय स्थान सल्ट विधानसभा की टीम ने प्राप्त किया। टीम में राजकीय इंटर कॉलेज नेवल गांव के विशाल बिष्ट, राजकीय इंटर कॉलेज भौनखाल के गौरव सिंह नेगी तथा राजकीय इंटर कॉलेज मछोड़ के मुकुल सत्यवाली शामिल रहे।
निबंध प्रतियोगिता में शीर्ष 10 प्रतिभागियों का चयन
निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने “शुद्ध मतदाता सूची का महत्व” एवं “मतदान का महत्व” जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 10 प्रतिभागियों का चयन किया गया।
प्राप्त सूची के क्रम में चयनित प्रतिभागी निम्नवत हैं—
कल्पना जलाल ,कंचना आर्या,रितिका बठकोटी,मानसी मेर,निहारिका बिष्ट,बबीता,दिया बिष्ट.लक्ष्मी रावत,नेहा शावत,शिवानी
इन प्रतिभागियों ने अपने निबंधों के माध्यम से मतदाता जागरूकता, लोकतंत्र की मजबूती एवं मतदान के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
मुख्य शिक्षा अधिकारी ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री हरक राम कोहली ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिकों पर निर्भर करती है। विद्यार्थियों को प्रारंभ से ही निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता सूची एवं मतदान के महत्व की जानकारी होना आवश्यक है। ELC के माध्यम से आयोजित इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं में लोकतांत्रिक चेतना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं जागरूक मतदाता बनने के साथ-साथ अपने परिवार एवं समाज में भी मतदाता जागरूकता का संदेश पहुंचाएं। उन्होंने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रधानाचार्य ने ELC की भूमिका को बताया महत्वपूर्ण
राजकीय इंटर कॉलेज अल्मोड़ा के प्रधानाचार्य श्री राजेश बिष्ट ने अपने संबोधन में कहा कि निर्वाचन साक्षरता क्लब विद्यार्थियों को लोकतंत्र की वास्तविक भावना से परिचित कराने का एक सशक्त मंच है। ELC के माध्यम से विद्यार्थियों में निष्पक्षता, जिम्मेदारी, नेतृत्व क्षमता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास होता है।
उन्होंने कहा कि मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति नागरिक का महत्वपूर्ण दायित्व भी है। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे अपने आसपास के लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करें और समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनें।
जिला समन्वयक स्वीप विनोद कुमार राठौड़ ने कहा कि मतदाता जागरूकता अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना तथा लोकतंत्र में उसकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। ELC के माध्यम से विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर युवा मतदाताओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।कहा कि शुद्ध मतदाता सूची, निष्पक्ष मतदान एवं निर्वाचन प्रक्रिया में जनभागीदारी लोकतंत्र की आधारशिला हैं। विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता से मतदाता जागरूकता अभियान को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाया जा सकता है।
निर्णायक मंडल एवं उपस्थित शिक्षक
प्रतियोगिता के मूल्यांकन में निर्णायक मंडल के रूप में श्री पंकज जोशी, श्री दीप प्रकाश जोशी, डॉ. प्रभाकर जोशी, श्रीमती प्रीति पंत, श्री प्रदीप बिष्ट, श्री मयंक तिवारी एवं श्री रमेश रावत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में श्री दीपक पांडे, श्री नीरज जोशी सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों में निर्वाचन साक्षरता, लोकतांत्रिक सहभागिता एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना को प्रोत्साहन मिला।
जिला स्वीप टीम, अल्मोड़ा द्वारा सभी प्रतिभागियों, मार्गदर्शक शिक्षकों एवं आयोजन में सहयोग करने वाले समस्त सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया।