दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराने हेतु जनपद में लगेंगे आकलन शिविर
अल्मोड़ा, भारत सरकार की एडिप योजना एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अन्तर्गत जनपद के दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराये जाने के उद्देश्य से जनपद के विभिन्न विकासखण्डों एवं शहरी क्षेत्र में आकलन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
इन शिविरों के माध्यम से पात्र दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को उनकी आवश्यकतानुसार कान की मशीन, व्हीलचेयर, कमोड व्हीलचेयर, कमोड चेयर, वॉकर, छड़ी, कमर की बेल्ट, घुटने की बेल्ट, कुशन सहित अन्य आवश्यक सहायक उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराने हेतु आकलन किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 25 नवम्बर 2026 को प्रातः 11ः00 बजे से भैंसियाछाना विकासखण्ड के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र धौलछीना में, 26 नवम्बर को प्रातः 11ः00 बजे से ताड़ीखेत विकासखण्ड परिसर में, 27 नवम्बर को प्रातः 11ः00 बजे से चौखुटिया विकासखण्ड परिसर में तथा 28 नवम्बर को प्रातः 11ः00 बजे से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ताकुला में शिविर आयोजित किया जाएगा। इसी क्रम में 29 नवम्बर को प्रातः 11ः00 बजे से हवालबाग विकासखण्ड के विकास भवन, निकट रा0आ0उ0का0, दोलाघाट में शिविर लगाया जाएगा। 30 नवम्बर को प्रातः 10ः00 बजे से धौलादेवी विकासखण्ड परिसर में तथा अपराह्न 02ः00 बजे से लमगड़ा विकासखण्ड परिसर में शिविर आयोजित होगा। इसके अतिरिक्त 01 दिसम्बर 2026 को प्रातः 11ः00 बजे से नगर निगम कार्यालय अल्मोड़ा में शहरी क्षेत्र के पात्र लाभार्थियों हेतु आकलन शिविर आयोजित किया जाएगा।
एडिप योजना के अन्तर्गत आवश्यक अभिलेख – योजना का लाभ प्राप्त करने हेतु लाभार्थियों को आधार कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण पत्र अथवा यूडीआईडी कार्ड तथा आय प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। ऐसे लाभार्थी जिनकी सभी स्रोतों से मासिक आय 22,500 रुपये से कम है, वे आय प्रमाण पत्र राजस्व विभाग, सांसद, विधायक, ग्राम प्रधान, पार्षद अथवा वार्ड सदस्य द्वारा जारी प्रमाण पत्र के माध्यम से प्रस्तुत कर सकते हैं।
राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अन्तर्गत आवश्यक अभिलेख – इस योजना का लाभ प्राप्त करने हेतु वरिष्ठ नागरिकों को आधार कार्ड, बीपीएल कार्ड तथा आय प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। ऐसे वरिष्ठ नागरिक जिनकी सभी स्रोतों से मासिक आय 15,000 रुपये से कम है, वे राजस्व विभाग, सांसद, विधायक, ग्राम प्रधान, पार्षद अथवा वार्ड सदस्य द्वारा जारी आय प्रमाण पत्र प्रस्तुत कर सकते हैं।
जनपद प्रशासन द्वारा पात्र दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि एवं स्थान पर आवश्यक अभिलेखों के साथ आयोजित शिविरों में प्रतिभाग करना सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद एवं पात्र लाभार्थियों को भारत सरकार की इन जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जा सके।