Shakti Samachar Online

पातालदेवी क्षेत्र को पर्यटन कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित करने के लिए जारी की जाएगी रुचि की अभिव्यक्ति एक्सप्रेशन ऑफ़ इंटरेस्ट

अल्मोड़ा, जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आज पातालदेवी स्थित अल्मोड़ा हैंडलूम स्वयं सहायता समूह की उत्पादन इकाई का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने समूह की महिला बुनकरों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा हस्तकरघा उत्पादों के निर्माण एवं विपणन से जुड़ी गतिविधियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने महिला बुनकरों से उनके कार्य में आ रही कठिनाइयों, कच्चे माल की उपलब्धता, उत्पादन एवं विपणन संबंधी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने पातालदेवी क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने की संभावनाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र को पर्यटन कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से रुचि की अभिव्यक्ति (एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट) आमंत्रित की जाएगी। प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर क्षेत्र में साहसिक पर्यटन सहित अन्य पर्यटन एवं व्यावसायिक गतिविधियों को प्रारंभ करने की संभावनाओं पर विचार किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं का सदुपयोग करने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करना है। इससे स्थानीय हस्तकरघा उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने तथा महिला स्वयं सहायता समूहों की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में भी सहायता मिल सकेगी।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिला बुनकरों की समस्याओं के समाधान के साथ ही क्षेत्र में पर्यटन विकास की संभावनाओं को लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, प्रभारी महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र शुभम तोमर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!