Shakti Samachar Online

दिसंबर में अल्मोड़ा में आयोजित होगा दो दिवसीय विंटर कार्निवल, जिलाधिकारी ने की तैयारियों की समीक्षा

सांस्कृतिक कार्यक्रम, म्यूजिक बैंड, स्टार नाइट, फूड फेस्टिवल, फोटोग्राफी प्रतियोगिता सहित विभिन्न आकर्षक गतिविधियां होंगी आयोजित

अल्मोड़ा, जनपद अल्मोड़ा में आगामी दिसंबर माह में प्रस्तावित दो दिवसीय विंटर कार्निवल के आयोजन की तैयारियों को लेकर आज जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्निवल के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर विभिन्न गतिविधियों, आवश्यक व्यवस्थाओं एवं तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।

प्रस्तावित विंटर कार्निवल के अंतर्गत सांस्कृतिक कार्यक्रम, म्यूजिक बैंड की प्रस्तुतियां, स्टार नाइट, फूड फेस्टिवल, फोटोग्राफी प्रतियोगिता, खेलकूद प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न मनोरंजक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से स्थानीय कलाकारों एवं प्रतिभाओं को अपनी कला के प्रदर्शन का अवसर मिलने के साथ ही जनपद में पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि विंटर कार्निवल का आयोजन आकर्षक एवं सुव्यवस्थित ढंग से किया जाए, जिससे स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ पर्यटक भी विभिन्न गतिविधियों का आनंद उठा सकें।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आयोजन की रूपरेखा तैयार करने तथा कार्यक्रम स्थलों, आवश्यक व्यवस्थाओं, सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता एवं अन्य तैयारियों के संबंध में आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जाएं, ताकि विंटर कार्निवल का सफल आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास के. एन. तिवारी, उप जिलाधिकारी संजय कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!