Shakti Samachar Online

प्रभारी सचिव ने परखी विकास योजनाओं की प्रगति, समयबद्ध क्रियान्वयन और गुणवत्ता पर जोर


अल्मोड़ा, जनपद के प्रभारी सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न विकास योजनाओं की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिला योजना, राज्य योजना, केंद्र पोषित एवं बाह्य सहायतित योजनाओं के साथ केंद्र और राज्य सरकार के प्रमुख ध्वजवाहक कार्यक्रमों की प्रगति पर चर्चा हुई।

प्रभारी सचिव ने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ समयबद्ध ढंग से पात्र व्यक्तियों तक पहुँचाना सभी विभागों की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभागीय समन्वय, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और नियमित निगरानी पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई।

बैठक में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत स्वीकृत परिव्यय, अवमुक्त धनराशि तथा उसके सापेक्ष किए गए व्यय की विभागवार समीक्षा की गई। संबंधित विभागों ने योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों और उनके सापेक्ष प्राप्त उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया। केंद्र एवं राज्य सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा पात्र लाभार्थियों को लाभ उपलब्ध कराने की प्रगति पर भी चर्चा हुई।

जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित एवं निर्माणाधीन पेयजल योजनाओं की भौतिक और वित्तीय प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही कार्यशील घरेलू नल कनेक्शनों तथा हर घर जल प्रमाणीकरण की स्थिति पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की एक करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। संबंधित विभागों ने निर्माणाधीन कार्यों की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया। मानसून के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की पैच मरम्मत के लिए निर्धारित लक्ष्यों तथा उनके सापेक्ष किए गए कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी अंशुल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!