Shakti Samachar Online

250 बेडेड मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल सहित दो परियोजनाओं का शिलान्यास पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी की उपस्थिति में संपन्न

अल्मोड़ा-पर्वतीय जनपद अल्मोड़ा में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाओं को साकार करने की दिशा में माँ अम्बे इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज की ओर से महत्वपूर्ण पहल की गई है। संस्थान के नवनिर्मित शैक्षणिक भवन के उद्घाटन तथा 250 बेडेड तरुण करुणा मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं आयुष केंद्र और तरुण करुणा एडवांस्ड डायग्नोस्टिक एंड रिहैबिलिटेशन सेंटर के शिलान्यास कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी सहित अन्य अतिथि पहुंचे। कार्यक्रम में संस्थान के चेयरमैन ठा. संदीप सिंह के प्रयासों और दूरदर्शी सोच को विशेष रूप से रेखांकित किया गया। अल्मोड़ा जैसे पर्वतीय क्षेत्र में जहां विषम भौगोलिक परिस्थितियां, दूर-दराज के गांवों तक सीमित स्वास्थ्य सुविधाएं और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता जैसी चुनौतियां लंबे समय से बनी हुई हैं वहां स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा के विस्तार की दिशा में इस स्तर पर कार्य करना महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। प्रस्तावित 250 बेडेड तरुण करुणा मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं आयुष केंद्र के माध्यम से भविष्य में क्षेत्रवासियों को विभिन्न चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की संभावनाएं बनेंगी। वहीं तरुण करुणा एडवांस्ड डायग्नोस्टिक एंड रिहैबिलिटेशन सेंटर की स्थापना से आधुनिक जांच सुविधाओं और पुनर्वास सेवाओं के विकास की दिशा में भी कदम बढ़ेगा। इन परियोजनाओं का उद्देश्य धरातल पर साकार होने पर अल्मोड़ा और आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दूरस्थ शहरों पर निर्भर रहने की मजबूरी कम करने में मदद मिल सकती है। संस्थान के चेयरमैन ठा. संदीप सिंह की पहल इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि पर्वतीय क्षेत्रों में बड़े स्वास्थ्य संस्थानों और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विकास करना मैदानी क्षेत्रों की तुलना में अधिक चुनौतीपूर्ण होता है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, आधारभूत सुविधाओं और संसाधनों से जुड़ी चुनौतियों के बीच अल्मोड़ा में शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए प्रयास करना क्षेत्र के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
ऐसी परियोजनाओं से चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा मिलने के साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने तथा स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े प्रशिक्षित मानव संसाधन के विकास की संभावनाएं भी बढ़ सकती हैं। विशेषकर नर्सिंग और पैरामेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में संस्थान की भूमिका स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में प्रशिक्षण और कैरियर के अवसर उपलब्ध कराने में सहायक हो सकती है।
पहाड़ में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की दरकार
अल्मोड़ा सहित कुमाऊं के पर्वतीय क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं लंबे समय से जनसरोकार का विषय रही हैं। ऐसे में शैक्षणिक भवन का उद्घाटन और दो महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजनाओं का शिलान्यास क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अब इन परियोजनाओं का निर्माण, निर्धारित सुविधाओं का विकास और सेवाओं का प्रभावी संचालन क्षेत्रवासियों की अपेक्षाओं को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगा। माँ अम्बे इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज की यह पहल अल्मोड़ा में स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाओं का मार्ग खोल सकती है। चेयरमैन ठा. संदीप सिंह के नेतृत्व में शुरू किए गए इन प्रयासों से पहाड़ में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद जगी है। इसके साथ ही इंस्टीट्यूट में शिक्षा ग्रहण कर रहे विद्यार्थियों का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया गया जिसमें विद्यार्थियों ने नर्सिंग शिक्षा की शपथ ली।
सभापति संसदीय स्थायी समिति सांसद पूर्व केंद्रीय मंत्री भारत सरकार फग्गन सिंह कुलस्ते और कैबिनेट मंत्री उत्तराखंड सरकार भरत चौधरी ने वर्चुअल रूप से समारोह एवं शिलान्यास कार्यक्रम में भागीदारी की।कार्यक्रम में मां अम्बे इंस्टीट्यूट के चेयरमैन ठा. संदीप सिंह के पिता बच्चू सिंह यदुवंशी,माता श्रीमती भगवान देवी, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान,वाइस चेयरमैन प्रीति पाल,प्रधानाचार्य एकजोत कोर,कुंदन लटवाल, राज्यमंत्री,पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रवि रौतेला,पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक, भाजपा नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट,पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ललित लटवाल,छात्रसंघ अध्यक्ष रोहित कुमल्टा, जगदीश नगरकोटी सहित दर्जनों गणमान्य लोग मौजूद रहे।

error: Content is protected !!