सेवा संकल्प अभियान के तहत स्याल्दे में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में 470 लोगों को मिला योजनाओं का लाभ
अल्मोड़ा, सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के तहत विकासखंड स्याल्दे के अंतर्गत आदर्श राजकीय इंटर कॉलेज जौरासी में विधायक महेश सिंह जीना की उपस्थिति में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया।
विधायक महेश सिंह जीना ने कहा कि बहुउद्देशीय शिविर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। ऐसे शिविरों के जरिए स्थानीय स्तर पर जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के साथ ही पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है।
शिविर में जनसामान्य द्वारा 22 शिकायतें/प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए, जिनमें से 19 शिकायतों का निस्तारण किया गया। विभिन्न प्रकार के प्रमाण-पत्र बनाए जाने हेतु 89 आवेदन पत्र प्राप्त हुए। वहीं विभिन्न विभागीय योजनाओं के माध्यम से 470 लोगों को लाभान्वित किया गया।शिविर में कुल 648 लोगों ने प्रतिभाग किया।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त जनसमस्याओं का प्राथमिकता एवं समयबद्धता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकार की योजनाओं एवं सेवाओं को आमजन तक पहुंचाना तथा स्थानीय स्तर पर उनकी समस्याओं का समाधान करना है।
शिविर में दर्जा राज्य मंत्री पी.सी. नैनवाल, उपाध्यक्ष उत्तराखण्ड चाय विकास बोर्ड महेश्वर सिंह मेहरा, ब्लॉक प्रमुख मथुरा दत्त डुंगरियाल, तहसीलदार आविद अली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे ।