फायर सर्विस बागेश्वर ने मोबाइल की दुकान में लगी भीषण आग पर पाया काबू, आसपास की दुकानों को किया सुरक्षित
Bageshwar-22.09.2026 मध्य रात्रि में जिला नियंत्रण कक्ष व आपातकालीन हेल्पलाइन डायल 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि देवदास बार के पास एक मोबाइल की दुकान में भीषण आग लग गई है। मामले की संवेदनशीलता और बाजार क्षेत्र होने के कारण फायर रेस्क्यू यूनिट तत्काल मय वाटर टेंडर व आधुनिक उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
फायर सर्विस टीम ने मौके पर पहुँचकर देखा कि देवदास बार (ताकुला रोड) के सामने स्थित एक मोबाइल की दुकान धू-धू कर जल रही थी और दुकान का मुख्य शटर पूरी तरह बंद था। फायर टीम के जवानों ने बिना एक पल गंवाए आधुनिक उपकरणों की सहायता से तत्काल शटर के ताले तोड़े। इसके तुरंत बाद मोटर फायर इंजन से पानी की पंपिंग कर डिलीवरी होज पाइप की मदद से आग की भीषण लपटों पर चारों तरफ से पानी की बौछार शुरू की गई।
फायर कर्मियों की कड़ी मशक्कत और सूझबूझ के बाद आग को पूरी तरह नियंत्रित कर बुझा दिया गया। समय रहते त्वरित कार्रवाई होने से आग को आसपास की अन्य व्यावसायिक दुकानों व घनी आबादी वाले क्षेत्र में फैलने से रोक लिया गया।