Shakti Samachar Online

नंदाष्टमी पर नंदादेवी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब,दर्शन के लिए लगी लंबी कतारें

अल्मोड़ा-नंदाष्टमी के अवसर पर शनिवार को अल्मोड़ा के ऐतिहासिक नंदादेवी मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दूर-दराज के गांवों से पहुंचे श्रद्धालु मां नंदा के दर्शन के लिए लंबी कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। मान्यता है कि नंदाष्टमी के दिन मां नंदा की पूजा-अर्चना करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। मंदिर में श्रद्धालु उपवास रखकर मां की आराधना और दर्शन कर आशीर्वाद ले रहे हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। मंदिर के पुजारी ताराचंद जोशी ने बताया कि मान्यता के अनुसार नंदाष्टमी के दिन मां नंदा अपने भक्तों को दर्शन देने के लिए धरती पर अवतरित होती हैं। इस दिन उपवास रखकर मां नंदा की आराधना करने का विशेष महत्व माना जाता है। वहीं, चंद्रवंशी परिवार की ओर से रात में मां नंदा की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। मंदिर में दिनभर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है और लोग मां नंदा से सुख-समृद्धि एवं आशीर्वाद की कामना कर रहे हैं।मां नंदादेवी मंदिर में अष्टमी के पावन अवसर पर दिनभर भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने मां नंदा-सुनंदा के भजनों का गायन कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचते रहे और मां नंदा-सुनंदा के दर्शन कर पूजा-अर्चना एवं भजन-कीर्तन में सहभागिता की। आज दोपहर हुए कार्यक्रमों में विधायक मनोज तिवारी, मेयर अजय वर्मा, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रवि रौतेला,भाजपा महानगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, पूरन रौतेला,आनंद सिंह बगडवाल आदि भी शामिल रहे। इसके अलावा मंदिर समिति के अध्यक्ष मनोज वर्मा, सचिव मनोज सनवाल, मुख्य सांस्कृतिक संयोजक अर्जुन बिष्ट चीमा, हरीश कनवाल सहित अन्य सदस्य भी शामिल रहे।

error: Content is protected !!