26 साल की विफल राजनीति का जवाब मांगेगी उत्तराखंड की जनता, पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी उपपा : पी.सी. तिवारी
कुर्सी की राजनीति नहीं, उत्तराखंड की मूल अवधारणा को साकार करना उपपा का लक्ष्य
Almora,चौखुटिया। उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के संयोजक एवं संस्थापक अध्यक्ष पी.सी. तिवारी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि पिछले 26 वर्षों में उत्तराखंड की सत्ता पर काबिज रहे राष्ट्रीय दलों और उनके साथ सत्ता में भागीदार रहे क्षेत्रीय दलों ने जनता के विश्वास को लगातार निराश किया है। राज्य के जिन मूल सवालों और सपनों को लेकर उत्तराखंड का निर्माण हुआ था, वे आज भी अधूरे हैं और इसके लिए इन दलों को अपनी राजनीतिक जिम्मेदारी से बचने का अधिकार नहीं है।
अपने गृह क्षेत्र द्वाराहाट-चौखुटिया में व्यापक जनसंपर्क के दौरान तिवारी ने कहा कि उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी चुनाव केवल कुर्सी हासिल करने के लिए नहीं, बल्कि राज्य निर्माण की मूल अवधारणा को धरातल पर उतारने के लिए लड़ रही है। उन्होंने कहा कि धनबल, शराब और सत्ता की होड़ ने प्रदेश की राजनीति को जिस दिशा में पहुंचाया है, उसके खिलाफ उपपा जनता के बीच एक स्पष्ट और संघर्षशील विकल्प लेकर जा रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता ने पिछले 26 वर्षों में अलग-अलग दलों को सत्ता देकर देख लिया है। सत्ता बदलती रही, चेहरे बदलते रहे, लेकिन राज्य के मूल सवाल जस के तस बने रहे। स्थायी राजधानी गैरसैंण, मजबूत भू-कानून, रोजगार, पलायन, जल-जंगल-जमीन, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्थानीय संसाधनों पर जनता के अधिकार जैसे सवाल आज भी निर्णायक समाधान की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
उपपा नेता ने कहा कि चुनाव के ठीक पहले जनता को भावनात्मक मुद्दों, घोषणाओं और राजनीतिक नाटकों के जरिए भ्रमित करने की कोशिश की जाती है, लेकिन अब जनता को केवल चुनावी वादों से संतुष्ट नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि जिन राजनीतिक दलों और ताकतों ने लंबे समय तक सत्ता में रहते हुए राज्य के मूल सवालों का समाधान नहीं किया, उनसे जवाब मांगना और उनके राजनीतिक चरित्र का मूल्यांकन करना जनता का अधिकार है।
तिवारी ने कहा कि उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी ने राज्य गठन के बाद भी अपने मूल सरोकारों और जनसंघर्षों से कभी समझौता नहीं किया। उन्होंने कहा कि उपपा की सक्रियता से सत्ता की होड़ में लगे लोगों में बेचैनी हो सकती है, लेकिन पार्टी अपने संघर्ष को और व्यापक करेगी।
उन्होंने कहा कि इस चुनाव में उपपा उत्तराखंड की ईमानदार, संघर्षशील और जनपक्षीय ताकतों को एक मंच पर लाकर एक मजबूत राजनीतिक विकल्प तैयार करने का प्रयास करेगी। उन्होंने प्रदेश की सभी ईमानदार सामाजिक और राजनीतिक ताकतों से अपील की कि वे व्यक्तिगत और दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर उत्तराखंड के हित में इस वैकल्पिक राजनीतिक प्रक्रिया को मजबूत करने के लिए आगे आएं।
तिवारी ने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तराखंड की जनता इस बार केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि राजनीति की दिशा में परिवर्तन के लिए मतदान करेगी और उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी को एक अवसर देगी।
जनसंपर्क अभियान के दौरान द्वाराहाट विधानसभा के संयोजक प्रकाश चंद्र जोशी, जमन सिंह मनराल, बलवंत नगरकोटी एवं भारती पांडे मौजूद रहे।