Shakti Samachar Online

मानसून के पश्चात क्षतिग्रस्त सड़कों के पैच वर्क कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए

अल्मोड़ा, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों के मरम्मत एवं पैच वर्क कार्यों को लेकर संबंधित अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।

बैठक में विभिन्न विभागों एवं निर्माण एजेंसियों द्वारा सड़कों पर किए जाने वाले पैच वर्क कार्यों की कार्ययोजना एवं कार्यवार विवरण प्रस्तुत किया गया।

बैठक में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त सड़कों, गड्ढों एवं सड़क के खराब हिस्सों का चिन्हांकन करते हुए उनके पैच वर्क एवं मरम्मत कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों द्वारा प्रस्तावित कार्यों, उनकी अनुमानित लागत तथा कार्य पूर्ण करने की समयसीमा से संबंधित विवरण प्रस्तुत किया गया।

मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि मानसून के पश्चात क्षतिग्रस्त सड़कों के पैच वर्क कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पैच वर्क कार्यों में निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा कार्य पूर्ण होने के बाद संबंधित अधिकारियों द्वारा उसका स्थलीय निरीक्षण भी सुनिश्चित किया जाए।

अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को बेहतर एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सके।

बैठक में नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा, उपजिलाधिकारी संजय कुमार और संबंधित विभागों के अधिकारी आदि सम्मिलित हुए।

error: Content is protected !!