Shakti Samachar Online

उदय शंकर की विरासत से नई पीढ़ी को जोड़ने की पहल, सात दिवसीय रंगमंच एवं फिल्म निर्माण कार्यशाला शुरू

अल्मोड़ा, 14 सितंबर 2026। पं. गोविंद बल्लभ पंत राजकीय संग्रहालय, अल्मोड़ा, संस्कृति विभाग, उत्तराखंड द्वारा गुरु उदय शंकर की स्मृति एवं उनकी कलात्मक विरासत को समर्पित सात दिवसीय रंगमंच एवं फिल्म निर्माण कार्यशाला का शुभारंभ आज उदय शंकर नाट्य अकादमी, अल्मोड़ा में हुआ। कार्यशाला का उद्देश्य उत्तराखंड के युवाओं को रंगमंच और फिल्म निर्माण के क्षेत्र में व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के साथ उदय शंकर की ऐतिहासिक अकादमी को एक जीवंत सांस्कृतिक एवं कलात्मक केंद्र के रूप में सक्रिय करने की दिशा में पहल करना है।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर पं. गोविंद बल्लभ पंत राजकीय संग्रहालय की निदेशक श्रीमती जयन्ती खाती, वरिष्ठ अभिनेता एवं दून विश्वविद्यालय के सहायक प्रोफेसर श्री कैलाश कांडवाल, एनएसडी के पूर्व छात्र श्री शुभम शर्मा, अभिनेता-निर्देशक श्री अभिषेक डोभाल, कार्यक्रम क्यूरेटर एवं गायक श्री हिमांशु धरमोरा, भातखंडे संगीत महाविद्यालय, अल्मोड़ा की प्रभारी प्रधानाचार्य श्रीमती चंचल तिवारी, डॉ. सी.एस. चौहान, श्री जनमेजय तिवारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती मीता उपाध्याय द्वारा किया गया।

कार्यशाला में 40 प्रतिभागी शामिल हैं, जिन्हें सात दिनों तक रंगमंच तकनीक, अभिनय, दृश्य-रचना, चरित्र निर्माण, स्क्रिप्ट लेखन, कैमरा, फिल्म निर्माण और डॉक्यूमेंट्री निर्माण की बारीकियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यशाला में प्रशिक्षक के तौर पर श्री कैलाश कांडवाल, श्री शुभम शर्मा एवं श्री अभिषेक डोभाल हैं।

इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य गुरु उदय शंकर की कलात्मक दृष्टि को नई पीढ़ी से जोड़ना और पहाड़ी क्षेत्र के युवाओं को अपनी रचनात्मक प्रतिभा विकसित करने के लिए प्रशिक्षण एवं मंच उपलब्ध कराना है। साथ ही, उदय शंकर द्वारा 1938 में स्थापित इस ऐतिहासिक अकादमी को केवल एक विरासत स्थल के रूप में नहीं, बल्कि निरंतर कला-शिक्षण और सांस्कृतिक गतिविधियों के सक्रिय केंद्र के रूप में विकसित करने की परिकल्पना की गई है।

कार्यशाला का समापन 20 सितंबर को दोपहर 2 बजे उदय शंकर नाट्य अकादमी, अल्मोड़ा में भव्य सांस्कृतिक समारोह के साथ होगा। इसमें प्रतिभागी सात दिनों में सीखी गई विधाओं और तैयार प्रस्तुतियों का प्रदर्शन करेंगे। इसके साथ भातखंडे संगीत महाविद्यालय, अल्मोड़ा की शास्त्रीय प्रस्तुतियां करेंगे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण गुरु उदय शंकर की पुत्रवधू एवं प्रसिद्ध कलाकार श्रीमती तनुश्री शंकर तथा कोलकाता से आने वाले उनके दल की विशेष समापन प्रस्तुति होगी।

कार्यक्रम में श्री यूसुफ तिवारी, श्रीमती दीपा गुप्ता, श्री मनोज गुप्ता, श्री रविन्द्र बिष्ट, श्रीमती ममता जीना, श्री राजेंद्र नयाल, श्री हरिंदर नेगी, श्री सूरज सिरारी, श्री रविन्द्र अधिकारी, श्री सुंदर लाल, श्री प्रमोद कुमार, श्रीमती विमला सहित अन्य सहयोगी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!