Shakti Samachar Online

बूथ सशक्तिकरण को लेकर लमगड़ा मंडल में बैठक, कार्यकर्ताओं से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का आह्वान

लमगड़ा, 26 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी के बूथ सशक्तिकरण अभियान के तहत बुधवार को लमगड़ा मंडल में महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष हरीश सिजवाली ने की। बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा उपस्थित रहीं, जबकि मंडल बैठक प्रभारी मनीष कुमार जोशी ने कार्यकर्ताओं को आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों एवं बूथ सशक्तिकरण अभियान की रूपरेखा से अवगत कराया।

बैठक का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं उपस्थित पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात सभी कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया।

मंडल अध्यक्ष हरीश सिजवाली ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी की वास्तविक ताकत बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता और संगठन की मजबूती में निहित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाने, नियमित बैठकें आयोजित करने और अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया।

मुख्य वक्ता जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर किए जाने वाले करणीय कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ की नियमित बैठक आयोजित करना, बैठकों में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति सुनिश्चित करना तथा संगठनात्मक गतिविधियों को सरल ऐप के माध्यम से दर्ज करना आवश्यक है। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने, बूथ के व्हाट्सऐप समूह में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने तथा उन्हें सरकार की योजनाओं की जानकारी देने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यक्रम एवं बैठक की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए तथा भाजपा के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाएं। साथ ही अन्य दलों के लोगों एवं सामाजिक रूप से प्रभावशाली व्यक्तियों को भाजपा की विचारधारा एवं संगठन से जोड़ने की दिशा में भी कार्य किया जाए।

बैठक प्रभारी मनीष कुमार जोशी ने कार्यकर्ताओं को आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि 27 से 30 अगस्त तक सभी शक्ति केंद्रों के संयोजकों एवं प्रभारियों से निर्धारित समय में संपर्क कर बूथ स्तर पर बैठकें आयोजित कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शक्ति केंद्र में बूथ अध्यक्षों से लेकर वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाए तथा संगठन द्वारा निर्धारित कार्यों की गंभीरता से समीक्षा की जाए।

मनीष कुमार जोशी ने कार्यकर्ताओं से कमर कसकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक बूथ पर 12 सदस्यीय टीम के सत्यापन, बूथ समितियों की सक्रियता, नए मतदाताओं से संपर्क तथा पन्ना प्रमुखों को सक्रिय करने जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को पुनः विजयी बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

बैठक में हरीश सिंह सिजवाली मण्डल अध्यक्ष, नन्दन बिष्ट मण्डल उपाध्यक्ष, मण्डल महामंत्री शंकर मनराल, जगदीश रावत, मण्डल मंत्री महिपाल नैनवाल,भावना बिष्ट, सोशल मीडिया संयोजक भगवत सिंह फर्त्याल,गोपाल गैड़ा,शक्ति केन्द्र संयोजक भिम ढैला जी, अनुचित मोर्चा रमेश कुमार पूर्व मण्डल महामंत्री मदन रावत जी , जिला प्रकोष्ठ संयोजक भगवत सिंह फत्याल, किशन सिंह तुलेडा़ संयोजक, नारायण सिंह रावत, पूर्व युवा मोर्चा उपाध्यक्ष, कुन्दन सिंह अधिकारी, गोविन्द सिंह फत्याल, नरेन्द्र बिष्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य ललित बिष्ट,बालम सिंह बिष्ट,उमेश रावत, सहित मंडल के पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक, प्रभारी एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक में संगठन द्वारा निर्धारित बूथ सशक्तिकरण अभियान के तहत आगामी कार्यक्रमों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा बूथ स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

error: Content is protected !!