जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने भैंसवाड़ा फ़ार्म में निर्माणाधीन गौशाला का किया निरीक्षण, सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के दिए निर्देश
अल्मोड़ा, जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने भैंसवाड़ा फ़ार्म में निर्माणाधीन गौशाला का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गौवंश के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए गौशाला में पशुओं की सुरक्षा, स्वच्छता, पर्याप्त रोशनी, जल निकासी तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सड़क और गौशाला भवन के बीच सुरक्षा दीवार का निर्माण कराने को कहा, जिससे भवन एवं परिसर को सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने भवन की सुरक्षा के लिए आवश्यक सुरक्षात्मक निर्माण कार्य कराने के साथ ही बरसात के दौरान पानी जमा न हो, इसके लिए समुचित जल निकासी की व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया। साथ ही गौशाला के भीतर पर्याप्त प्राकृतिक प्रकाश और हवा की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने गौशाला परिसर में 10 सौर ऊर्जा लाइट लगाने के निर्देश दिए, जिससे रात्रि के समय परिसर में पर्याप्त रोशनी बनी रहे। जंगली जानवरों से गौवंश की सुरक्षा के लिए गौशाला के चारों ओर मजबूत एवं व्यवस्थित घेराबंदी कराने पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने भवन की खिड़कियों एवं अन्य आवश्यक स्थानों पर मच्छररोधी जाली लगाने तथा हवा के बेहतर आवागमन की व्यवस्था करने को कहा।
उन्होंने कहा कि गर्मी, बरसात एवं अन्य मौसमों को ध्यान में रखते हुए गौशाला परिसर को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखा जाए। भवन निर्माण के साथ ही पशुओं के रहने के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जाए तथा पानी, रोशनी, हवा और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।
अग्नि सुरक्षा के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने गौशाला के चारों ओर फायर लाइन बनाने के निर्देश दिए, जिससे गर्मी के मौसम एवं वनाग्नि की स्थिति में आग को गौशाला परिसर तक पहुंचने से रोका जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक निर्माण एवं सुरक्षा कार्यों को योजनाबद्ध ढंग से पूरा करने तथा गौशाला को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रूप से विकसित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी योगेश अग्रवाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।