स्मृति प्रोत्साहन समारोह में 70 विद्यार्थियों को वितरित किए गए स्कूल बैग शिक्षा, संस्कार और सेवा का संदेश देते हुए दिवंगत विभूतियों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
हवालबाग (अल्मोड़ा)। ज्ञान विज्ञान चिल्ड्रन्स एकेडमी, हवालबाग एवं नागरिक शिक्षा केंद्र, हवालबाग में स्वर्गीय हीरा लाल साह, स्वर्गीय राजेश्वरी साह तथा उनके सुपुत्र स्वर्गीय भास्कर प्रसाद साह की पुण्य स्मृति में “स्मृति प्रोत्साहन समारोह” का गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह के अंतर्गत विद्यालय के 70 विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया गया। स्कूल बैग पाकर बच्चे अत्यंत प्रसन्न दिखाई दिए।
यह प्रेरणादायी कार्यक्रम सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य एवं साहित्यकार श्री नीरज पंत के मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में संपन्न हुआ। उल्लेखनीय है कि दिवंगत विभूतियों की स्मृति में यह प्रोत्साहन कार्यक्रम पिछले कई वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से विद्यालय के विद्यार्थियों को शैक्षिक सामग्री उपलब्ध कराकर उनका उत्साहवर्धन किया जाता है।
कार्यक्रम में भारत ज्ञान विज्ञान समिति के प्रतिनिधि प्रमोद तिवारी एवं श्री अशोक कुमार पंत उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक गोविंद कुमार ने किया।

अपने संबोधन में श्री प्रमोद तिवारी एवं अशोक कुमार पंत ने विद्यार्थियों को अनुशासन, नियमित अध्ययन तथा जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प और कठिन परिश्रम ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं।
मुख्य वक्ता नीरज पंत ने स्वर्गीय हीरा लाल साह, राजेश्वरी साह एवं भास्कर प्रसाद साह के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे उच्च पदों पर आसीन होने के बावजूद सदैव समाज, विशेषकर बच्चों की शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए समर्पित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि जिन विद्यार्थियों को इस वर्ष इस योजना का लाभ नहीं मिल पाया है, उन्हें आगामी वर्षों में प्राथमिकता के आधार पर लाभान्वित किया जाएगा।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अशोक पंत ने नीरज पंत, प्रमोद तिवारी एवं अशोक कुमार पंत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी का वर्षों से विद्यालय को निःस्वार्थ सहयोग, मार्गदर्शन एवं संरक्षण प्राप्त होता रहा है, जो विद्यालय की प्रगति एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत प्रेरणादायी है। इस अवसर पर विद्यालय परिवार द्वारा श्री हेम चंद्र साह जी का भी आभार व्यक्त किया।
समारोह से पूर्व विद्यालय के शैक्षणिक स्तर, अनुशासन, भावी योजनाओं तथा वर्तमान शैक्षणिक सत्र में पठन-पाठन एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कर्नल समीर खरे, नीरज पंत, प्रमोद तिवारी एवं अशोक कुमार पंत के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान विद्यालय के समग्र विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण सुझाव एवं दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
इस अवसर पर रश्मि पंत, विमला मेहता, रजत मेहता, पीयूष धोनी, हेम सती, लता नेगी, गीता नेगी, ममता जोशी, गीता मुश्यूनी, अंजलि आर्य तथा भगवती बिष्ट सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित व करीब 200 छात्र /छात्राएं उपस्थित रहे।