Shakti Samachar Online

राजकीय मेडिकल कॉलेज, अल्मोड़ा के आरएचटीसी केंद्र, हवालबाग में किशोरी स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

राजकीय मेडिकल कॉलेज, अल्मोड़ा के सामुदायिक चिकित्सा विभाग द्वारा आरएचटीसी (RHTC) केंद्र, हवालबाग में किशोरी स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को उनके शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम में डॉ. कृतिका ने किशोरियों को किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, एनीमिया (खून की कमी) की रोकथाम, मासिक धर्म स्वच्छता, व्यक्तिगत स्वच्छता, नियमित व्यायाम, मानसिक स्वास्थ्य तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि किशोरावस्था जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है और इस दौरान सही पोषण, स्वच्छता एवं स्वस्थ आदतें अपनाकर भविष्य में अनेक स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सकता है। उन्होंने किशोरियों को किसी भी स्वास्थ्य संबंधी समस्या को छिपाने के बजाय समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए भी प्रेरित किया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (RKSK) की काउंसलर सुश्री प्रीति भोज ने भी कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए किशोरियों को मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन, आत्मविश्वास, जीवन कौशल, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने किशोरियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और आवश्यकता पड़ने पर स्वास्थ्य संस्थानों से परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान किशोरियों द्वारा पूछे गए विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी प्रश्नों का विशेषज्ञों द्वारा सरल एवं वैज्ञानिक ढंग से उत्तर दिया गया। साथ ही उन्हें स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने, पौष्टिक भोजन करने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम का सफल समन्वय मेडिकल सोशल वेलफेयर ऑफिसर (MSWO) श्री नरेश आगरी द्वारा किया गया। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा उपस्थित किशोरियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, स्वच्छता अपनाने और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों को “स्वस्थ किशोरी – स्वस्थ परिवार – स्वस्थ समाज” का संदेश देते हुए किया गया

error: Content is protected !!