हरिदत्त पेटशाली इंटर कॉलेज में दो दिवसीय न्याय पंचायत स्तरीय खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ
अल्मोड़ा हरिदत्त पेटशाली इंटर कॉलेज में दो दिवसीय न्याय पंचायत स्तरीय ‘मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन प्रतियोगिता’ का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ मुख्य अतिथि प्रेम सिंह लटवाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर छात्राओं ने मुख्य अतिथि का तिलक लगाकर और विद्यालय परिवार ने माल्यार्पण कर उनका आत्मीय स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रेम सिंह लटवाल ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि “खेल न केवल छात्रों में अनुशासन की भावना जागृत करते हैं, बल्कि उनके बौद्धिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।”
विद्यालय के विकास और छात्रों के प्रोत्साहन हेतु लटवाल ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं:
शौचालय निर्माण: विद्यालय में बालक एवं बालिकाओं के लिए 1-1 नए शौचालय निर्माण की घोषणा।
शिक्षक मानदेय में सहयोग: जब उनके संज्ञान में लाया गया कि विद्यालय अपने सीमित संसाधनों से PTA के माध्यम से विज्ञान व गणित के शिक्षक की व्यवस्था कर रहा है, तो उन्होंने अपनी ओर से गणित-विज्ञान अध्यापक हेतु ₹2000 प्रतिमाह की धनराशि देने का ऐलान किया।
प्रतिभाओं का सम्मान: विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने की घोषणा।
विशिष्ट अतिथियों के उद्गार एवं उपस्थिति
कार्यक्रम में छाती पंत के प्रधान प्रतिनिधि आशीष कुमार ने विद्यालय के कार्यों पर गहरा संतोष जताया और छात्र हित में सदैव तत्पर रहने का आश्वासन दिया। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के खेल प्रकोष्ठ से ललित खोलिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा विद्यालय की वार्षिक व्याख्या (आख्या) प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम का कुशल एवं सफल संचालन श्री हरिश्चंद्र उप्रेती जी द्वारा किया गया।
8 से 14 वर्ष के बच्चे ले रहे हैं भाग
इस दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता में फलसीमा न्याय पंचायत के अंतर्गत आने वाले सभी गांवों के 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे बढ़-चढ़कर प्रतिभाग कर रहे हैं।
इस अवसर पर योगेश सिंह रौतेला प्रीति बोरा, हीरा टम्टा, गीता मठपाल, लीला जोशी (प्रधानाध्यापिका, रा.प्रा विद्यालय .. शीतलापानी), केदार सिंह सिजवाली (प्रधानाध्यापक, रा.उ.मा.वि. बाल्टा), मनोज कुमार (रा.इ.कॉ. विरौड़ा), CRC ज्योति मर्तोलिया, रमेश दानी (रा.प्रा.वि. सिरार), शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य पांडे सहित अनेक अभिभावक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।