Shakti Samachar Online

सरयू नदी में बहे 08 वर्षीय मासूम बालक का शव संयुक्त रेस्क्यू टीम द्वारा बरामद।

दिनांक 20/07/2026 को कपकोट क्षेत्रान्तर्गत सरयू नदी के उफान में बहे 08 वर्षीय मासूम बालक की सुरक्षित बरामदगी के लिए पुलिस और जिला प्रशासन द्वारा चलाया जा रहा अभियान आज संपन्न हो गया है। उफनती नदी की चुनौतियों और बेहद कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच, अत्याधुनिक संयुक्त रेस्क्यू टीम ने अपनी जान जोखिम में डालकर लगातार बिना रुके सघन तलाशी अभियान चलाया और अंततः बालक के शव को बरामद करने में सफलता प्राप्त की।
घटना की अत्यधिक संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बागेश्वर, जितेंद्र मेहरा (IPS) महोदय ने तत्काल आपातकालीन आदेश जारी किए। उनके कुशल निर्देशन में बालक के त्वरित रेस्क्यू हेतु एक बेहद शक्तिशाली और अत्याधुनिक संयुक्त टास्क फोर्स का गठन किया गया। इस विशेष टीम में NDRF , SDRF, फायर सर्विस, पुलिस की ड्रोन विंग और जनपद पुलिस के जवानों को शामिल किया गया था।
दिनांक 20/07/2026 से शुरू हुए इस रेस्क्यू ऑपरेशन में उफनती सरयू नदी के तेज बहाव, गहरे गड्ढों और पत्थरों के बीच जवानों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए मैन्युअल सर्चिंग की। इसके साथ ही, दुर्गम मोड़ों और गहरी खाइयों पर नजर रखने के लिए आसमान से अत्याधुनिक ड्रोन कैमरों की मदद ली गई। संयुक्त टीम द्वारा कपकोट से लेकर बागेश्वर तक नदी के पूरे डाउनस्ट्रीम इलाके, विशेषकर गोलना, झटक्वाली और देवलचोरा जैसे अत्यधिक संवेदनशील स्थानों पर दिन-रात एक कर हर संभावित जगह को खंगाला गया।
लगातार बिना थके और बिना रुके जारी इस अभियान के तहत आज दिनांक 24/07/2026 को संयुक्त रेस्क्यू टीम ने अथक प्रयासों के बाद उक्त बालक के शव को उत्तरोड़ा के पास नदी के किनारे बेहद कठिन परिस्थितियों के बीच से सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया ।
शव बरामद होने के बाद मौके पर मौजूद शोकाकुल परिजनों द्वारा मृतक बालक की शिनाख्त की गई। इसके तुरंत बाद, बागेश्वर पुलिस द्वारा कार्यवाही पूर्ण की गई और शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

error: Content is protected !!