दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुधारात्मक कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए
अल्मोड़ा, जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला हाईवे सड़क सुरक्षा टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों एवं प्रमुख सड़कों पर सड़क सुरक्षा की स्थिति, दुर्घटना संभावित स्थलों, यातायात प्रबंधन तथा सुरक्षा उपायों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुधारात्मक कार्य शीघ्र पूर्ण करने, क्षतिग्रस्त संकेतकों एवं क्रैश बैरियरों की मरम्मत, आवश्यक स्थानों पर चेतावनी संकेतक एवं रिफ्लेक्टर लगाने तथा सड़क किनारे झाड़ियों की नियमित कटाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक में सड़क सुरक्षा संबंधी जनजागरूकता अभियान संचालित करने, विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा दुर्घटनाओं के त्वरित राहत एवं बचाव के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अशोक चौधरी ने सदस्य सचिव के रूप में सड़क सुरक्षा से संबंधित कार्यों एवं प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के , अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र सहित टास्क फोर्स के सदस्य उपस्थित रहे।