Shakti Samachar Online

राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण, अल्मोड़ा में उन्नत भारत अभियान के अंतर्गत नवप्रवेशी विद्यार्थियों को दी गई जानकारी, प्रशिक्षित छात्र-छात्राओं ने किया ग्राम सर्वेक्षण

भिकियासैंण, अल्मोड़ा। डॉ. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में उन्नत भारत अभियान (UBA) के अंतर्गत नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के लिए एक जागरूकता एवं परिचय कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम का संचालन उन्नत भारत अभियान की संयोजक डॉ. इंदिरा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में UBA सदस्य एवं भूगोल प्रभारी डॉ. परितोष उप्रेती द्वारा विद्यार्थियों को उन्नत भारत अभियान के उद्देश्यों, ग्रामीण विकास में उच्च शिक्षण संस्थानों की भूमिका तथा सामाजिक सहभागिता के महत्व से अवगत कराया गया। उन्होंने बताया कि उन्नत भारत अभियान का उद्देश्य शिक्षण संस्थानों को ग्रामीण समुदायों से जोड़कर स्थानीय समस्याओं के समाधान में सक्रिय योगदान देना है।



कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षित छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय द्वारा गोद लिए गए पीपलगांव एवं श्रीकोट नहौरी गांवों में जाकर ग्राम सर्वेक्षण किया। सर्वेक्षण के माध्यम से ग्रामीणों की सामाजिक, आर्थिक, शैक्षिक एवं आधारभूत सुविधाओं से संबंधित जानकारी एकत्रित की गई। विद्यार्थियों ने ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को समझने का प्रयास किया, ताकि भविष्य में ग्राम विकास से संबंधित योजनाओं एवं गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा सके। इस प्रकार के सर्वेक्षण उन्नत भारत अभियान की प्रमुख गतिविधियों का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।



महाविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से ग्रामीण विकास की दिशा में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया तथा कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, नेतृत्व क्षमता एवं सेवा भावना का विकास करते हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन उन्नत भारत अभियान की समन्वयक एवं महाविद्यालय परिवार के सहयोग से संपन्न हुआ।

error: Content is protected !!