Shakti Samachar Online

वरिष्ठ सांस्कृतिक रंगकर्मी धीरेन्द्र आर्या धीरू भाई को अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि,परिवार को आर्थिक सहायता व बेटी को रोजगार दिलाने की उठी मांग

अल्मोड़ा-अल्मोड़ा के वरिष्ठ सांस्कृतिक रंगकर्मी एवं संगीत साधक धीरेन्द्र आर्या धीरू भाई के निधन पर नगर के रंगकर्मियों एवं सांस्कृतिक जगत से जुड़े लोगों ने शोकसभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।उपस्थित लोगों ने उनके निधन को अल्मोड़ा ही नहीं, बल्कि पूरे कुमाऊँ की सांस्कृतिक दुनिया के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
वक्ताओं ने कहा कि धीरू भाई वर्ष 1985 से धारानौला रामलीला से जुड़े रहे और रामलीला के संगीत पक्ष के प्रमुख शिल्पी थे।उनके निर्देशन और गायन ने वर्षों तक रामलीला को नई पहचान दिलाई।वे होली गायन के भी प्रमुख गायक थे।चम्पावत, लोहाघाट,पिथौरागढ़,हल्द्वानी सहित पूरे कुमाऊँ में उनकी मधुर आवाज और संगीत के बिना सांस्कृतिक आयोजन अधूरे से प्रतीत होते थे।श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने यह भी याद किया कि बहुत कम लोग जानते हैं कि धीरू भाई एक उत्कृष्ट एथलीट भी थे।वे 100 मीटर दौड़ के साथ-साथ समरसल्ट जैसी कठिन खेल गतिविधियों में भी निपुण थे।इसके अलावा अल्मोड़ा के प्रसिद्ध मां नंदा देवी महोत्सव में भी उनकी सक्रिय और महत्वपूर्ण भूमिका रहती थी।रंगकर्मियों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।साथ ही उन्होंने कहा कि दिवंगत के परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है,इसलिए उनकी बेटी को संगीत के क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए शासन-प्रशासन और समाज को आगे आना चाहिए।शोकसभा में मनोज वर्मा, मनोज सनवाल,तारा चंद्र जोशी,किशन गुरुरानी,हरीश कनवाल,दीपक जोशी,भूपाल मनराल,मुन्ना वर्मा,अनूप साह, हरीश बिष्ट, पार्षद अमित साह मोनू ,पार्षद अर्जुन बिष्ट,रवि गोयल,मंटू भंडारी,गीता मेहरा, विमला बोरा, पार्षद अभिषेक जोशी, देवेन्द्र भट्ट,मीना भैसोडा,मेडी, पार्षद संजय जोशी,पार्षद गुड्डू भट्ट सहित अनेक रंगकर्मी, जनप्रतिनिधि एवं सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोग उपस्थित रहे।उन्होंने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

error: Content is protected !!