विजडम एकेडमी की मेगा क्विज प्रतियोगिता संपन्न, जूनियर और सीनियर वर्ग के विजेताओं को किया सम्मानित
अल्मोड़ा-विजडम एकेडमी द्वारा आयोजित मेगा क्विज कंपीटिशन–2026 का सफल आयोजन किया गया। पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक के कार्यालय में हुई इस प्रतियोगिता में भाजपा नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विजेताओं को कार्यक्रम अध्यक्ष एवं पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक एवं भाजपा नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट द्वारा संयुक्त रूप से मेडल, सर्टिफिकेट एवं पुरस्कार वितरित किए गए।प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के करीब 100 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी बौद्धिक क्षमता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास करना था।कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद प्रतिभागियों ने विभिन्न विषयों पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में अध्ययन के प्रति रुचि बढ़ाना, सामान्य ज्ञान का विस्तार करना तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना था। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और उन्होंने कठिन से कठिन प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।इस अवसर पर अपने अध्यक्षीय संबोधन में पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल पाठ्य पुस्तकों का ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि सामान्य ज्ञान, तार्किक सोच और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विजडम एकेडमी द्वारा आयोजित यह मेगा क्विज प्रतियोगिता विद्यार्थियों को नई दिशा देने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें बड़े मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण प्रतियोगिता में भाग लेकर सीखने का अनुभव है। श्री कर्नाटक ने विजडम एकेडमी की पूरी टीम को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
मुख्य अतिथि भाजपा नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा के साथ-साथ बौद्धिक प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही देश का भविष्य हैं और उनकी प्रतिभा को सही दिशा देने के लिए इस प्रकार के आयोजन समय-समय पर होते रहने चाहिए। उन्होंने कहा कि विजडम एकेडमी ने जिस प्रकार विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों को एक मंच पर लाकर उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर दिया है, वह अत्यंत सराहनीय पहल है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि निरंतर अध्ययन, अनुशासन और मेहनत ही सफलता की कुंजी है।कार्यक्रम के दौरान विजडम एकेडमी के संस्थापक एवं संचालक प्रेम कुमार ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताएं आयोजित करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में ज्ञान के प्रति जिज्ञासा, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का विकास करना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी विजडम एकेडमी की ओर से इस प्रकार की शैक्षणिक एवं बौद्धिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता रहेगा, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके।जूनियर वर्ग में संस्कार भाकुनी कक्षा 5 सरस्वती शिशु मंदिर अल्मोड़ा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।आदित्य कक्षा 7 सरस्वती शिशु मंदिर अल्मोड़ा द्वितीय तथा दीपांशु कक्षा 8 सरस्वती शिशु मंदिर अल्मोड़ा तृतीय स्थान पर रहे।वहीं सीनियर वर्ग में हर्षित गुरुरानी कक्षा 12 जीआईसी अल्मोड़ा ने प्रथम स्थान हासिल किया।कार्तिक बगड़वाल कक्षा 10 केंद्रीय विद्यालय अल्मोड़ा द्वितीय तथा आंचल कुमारी कक्षा 10 केंद्रीय विद्यालय अल्मोड़ा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में दीप कर्नाटक, रमेश जोशी, कमलेश कर्नाटक, मनोज तिवारी, अमर बोरा, देवेंद्र भट्ट , हिमांशु तिवारी द्वारा प्रतियोगिता के अंत में सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के सफल आयोजन में विजडम टीम के रश्मि कांडपाल, अभिषेक तिवारी, प्रकाश मेहता,पंकज कुमार, विवेक रावत,धीरज,तनुजा, रोहित,अनीता एवं मनीष का विशेष योगदान रहा।प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर अभिभावकों एवं शिक्षकों ने विजडम एकेडमी की पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सराहनीय प्रयास बताया।