उन्नत भारत अभियान के तहत नाहोरी ग्राम का भ्रमण, विकास संबंधी आवश्यकताओं का किया आँकलन
भिकियासैंण, 16 जून। राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण की उन्नत भारत अभियान (UBA) टीम द्वारा मंगलवार को श्रीकोट ग्राम पंचायत के अंतर्गत चयनित ग्राम नाहोरी का भ्रमण किया गया। इस अवसर पर अभियान की संयोजक डॉ. इंदिरा तथा सदस्य डॉ. परितोष उप्रेती ने ग्राम का विस्तृत निरीक्षण कर ग्रामीणों एवं ग्राम प्रधान दीपक सिंह रावत से संवाद स्थापित किया।
भ्रमण के दौरान टीम ने ग्राम की वर्तमान सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति का अवलोकन किया तथा स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, स्वच्छता, सड़क, बिजली, कृषि, रोजगार एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित जानकारी एकत्रित की। ग्रामीणों से उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुझावों के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई तथा ग्राम के समग्र विकास हेतु संभावित योजनाओं और गतिविधियों पर विचार-विमर्श किया गया।
उन्नत भारत अभियान की टीम ने ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करते हुए उन्हें इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए जागरूक किया। साथ ही ग्राम में उपलब्ध प्राकृतिक एवं मानवीय संसाधनों के प्रभावी उपयोग तथा सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए गए।
कार्यक्रम के अंत में टीम ने ग्राम प्रधान दीपक सिंह रावत एवं ग्रामीणों द्वारा प्रदान किए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी उन्नत भारत अभियान के माध्यम से ग्राम विकास संबंधी गतिविधियों में सहयोग जारी रखने का आश्वासन दिया।
टीम के अनुसार यह ग्राम भ्रमण ग्रामीणों की वास्तविक आवश्यकताओं को समझने, स्थानीय संसाधनों का आकलन करने तथा ग्राम के समग्र एवं सतत विकास की दिशा में प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने की दृष्टि से उपयोगी एवं सफल रहा।