Shakti Samachar Online

बीपीसीएल एवं राजकीय मेडिकल कॉलेज, अल्मोड़ा के मध्य उपशामक चिकित्सा सेवाओं के विस्तार हेतु एमओयू संपन्न

अल्मोड़ा, राजकीय मेडिकल कॉलेज, अल्मोड़ा एवं भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) के मध्य उत्तराखण्ड में उपशामक चिकित्सा (Palliative Care) सेवाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण हेतु एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम पल्लियम इंडिया, तिरुवनंतपुरम के तकनीकी सहयोग एवं मार्गदर्शन में संचालित किया जाएगा।

इस सहयोग का उद्देश्य कैंसर, दीर्घकालिक एवं जीवन-सीमित करने वाले रोगों से पीड़ित मरीजों तथा उनके परिजनों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं समग्र उपशामक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य कर्मियों का प्रशिक्षण, सामुदायिक स्तर पर उपशामक चिकित्सा सेवाओं का विस्तार, देखभालकर्ताओं (Caregivers) का सशक्तिकरण तथा जन-जागरूकता गतिविधियों का संचालन किया जाएगा।

इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. (डॉ.) चन्द्र प्रकाश भैसोरा ने कहा कि उपशामक चिकित्सा आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का एक महत्वपूर्ण अंग है, जो गंभीर एवं असाध्य रोगों से ग्रसित मरीजों के जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने बीपीसीएल एवं पल्लियम इंडिया का इस जनहितकारी पहल के लिए आभार व्यक्त किया।

एनेस्थीसियोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) उर्मिला पलारिया ने बताया कि इस पहल से कुमाऊँ क्षेत्र में उपशामक चिकित्सा सेवाओं को नई दिशा मिलेगी तथा गंभीर रोगों से जूझ रहे मरीजों एवं उनके परिवारों को बेहतर सहायता एवं परामर्श उपलब्ध हो सकेगा।

कार्यक्रम में प्रो. डॉ. संजय गौर, डॉ. आदित्य कुमार चौहान (एसोसिएट प्रोफेसर), डॉ. उमंग शर्मा (असिस्टेंट प्रोफेसर) तथा श्री राजेन्द्र दत्त बिजल्वाण, समन्वयक, उत्तराखण्ड, पल्लियम इंडिया सहित मेडिकल कॉलेज के संकाय सदस्य एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

श्री राजेन्द्र दत्त बिजल्वाण ने पल्लियम इंडिया द्वारा देशभर में संचालित उपशामक चिकित्सा कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि यह साझेदारी उत्तराखण्ड में एक प्रभावी एवं टिकाऊ उपशामक चिकित्सा मॉडल विकसित करने में सहायक सिद्ध होगी।

error: Content is protected !!