दिव्यांग पूजा भंडारी को बेहतर देखभाल एवं पुनर्वास हेतु जिला प्रशासन और अल्मोड़ा पुलिस ने पहुंचाया वन स्टॉप सेंटर
Almora-दिनांक 08.06.2026 को कोतवाली सोमेश्वर क्षेत्रान्तर्गत ग्राम ककराड़, पोस्ट मनान, सोमेश्वर निवासी पूजा भंडारी जो 100 प्रतिशत दिव्यांग थी, के पुनर्वास एवं उचित देखभाल हेतु अल्मोड़ा पुलिस द्वारा एक सराहनीय एवं मानवीय पहल की गई।
पूजा भंडारी अपने माता-पिता एवं भाई-बहनों के अभाव में अकेले जीवन यापन कर रही थीं। वह केवल सुन और बोल सकती हैं तथा उन्हें संगीत से विशेष लगाव है और वह मधुर स्वर में गीत भी गाती हैं। उनकी विशेष परिस्थितियों को देखते हुए गांव के समाजसेवी महिला-पुरुषों तथा एएनएम बहनों द्वारा लगातार उनकी देखभाल एवं सहयोग किया जा रहा था।
ग्रामीणों द्वारा पूजा भंडारी के बेहतर भविष्य एवं समुचित देखभाल की इच्छा व्यक्त किए जाने पर जिला प्रशासन एवं अल्मोड़ा पुलिस द्वारा आवश्यक समन्वय स्थापित किया। पुलिस एवं प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से पूजा भंडारी को वन स्टॉप सेंटर, अल्मोड़ा में दाखिल कराया गया है, जहां उनकी आवश्यक देखभाल सुनिश्चित की जाएगी। आगामी प्रक्रिया के तहत उन्हें महिला कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र, देहरादून भेजा जाएगा, जिससे उन्हें बेहतर संरक्षण, उपचार एवं पुनर्वास की सुविधाएं प्राप्त हो सकें।
इस पुनीत एवं मानवीय कार्य में समाजसेवी श्री धीरज पांडे निवासी रनमन, सोमेश्वर का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर पूजा भंडारी की सहायता एवं पुनर्वास के लिए निरंतर प्रयास किए। इसके अतिरिक्त स्थानीय समाजसेवी महिलाओं, पुरुषों एवं स्वास्थ्य विभाग की एएनएम बहनों का सहयोग भी अत्यंत सराहनीय रहा।