नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर सीसीटीवी कैमरे से निगरानी करते हुए होगी ऑनलाइन चालानी कार्यवाही
Almora-आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए जनपद में बढ़ने वाली भीड़ एवं यातायात दबाव के मद्देनज़र कस्बा अल्मोड़ा की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुचारू बनाए रखने हेतु संबंधित अधिकारियों को चंद्रशेखर घोडके, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
जिस क्रम में नगर क्षेत्र में यातायात प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आधुनिक तकनीकों का व्यापक उपयोग किया जा रहा है। कस्बा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं, जिनके माध्यम से कंट्रोल रूम द्वारा 24×7 निगरानी की जा रही है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों जैसे नो पार्किंग, बिना हेलमेट वाहन चलाना एवं तीन सवारी के विरुद्ध लगातार ऑनलाइन चालान की कार्रवाई की जा रही है।
इसके अतिरिक्त, नगर के प्रमुख बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में स्थापित पीए सिस्टम (पब्लिक एड्रेस सिस्टम) के माध्यम से आमजन एवं वाहन चालकों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। पीए सिस्टम द्वारा लोगों को निर्धारित स्थानों पर वाहन खड़े करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने, हेलमेट पहनने तथा अन्य यातायात नियमों का पालन करने हेतु प्रेरित किया जा रहा है।
एसएसपी अल्मोड़ा द्वारा कंट्रोल रूम को निर्देशित किया गया है कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु पीए सिस्टम का अधिकतम एवं प्रभावी उपयोग किया जाए। साथ ही नगर में कहीं भी जाम की स्थिति उत्पन्न होने, नो पार्किंग या अन्य नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सूचित कर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।अल्मोड़ा पुलिस की आमजन से अपील: यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित रहें और पर्यटन सीजन में सहयोग देकर शहर को जाममुक्त एवं व्यवस्थित बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।