Shakti Samachar Online

विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर तीन विभिन्न स्थलों पर स्वास्थ्य शिविर, जन-जागरूकता कार्यक्रम एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन

Almora- सोबन सिंह जीना राजकीय आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान, अल्मोड़ा के प्राचार्य एवं डीन डॉ. सी. पी. भैसोरा के निर्देशन में विश्व स्वास्थ्य दिवस के उपलक्ष्य में तीन विभिन्न स्थलों पर स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य जनसामान्य एवं छात्र-छात्राओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा स्वास्थ्य विषयक ज्ञान का प्रसार करना था।

प्रथम कार्यक्रम के अंतर्गत सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय परिसर में एक बहुउद्देशीय स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में लगभग 133 लाभार्थियों/रोगियों का परीक्षण एवं परामर्श किया गया। शिविर में सामुदायिक चिकित्सा विभाग के चिकित्सकों द्वारा सामान्य शारीरिक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके अतिरिक्त ईएनटी विभाग द्वारा कान, नाक, गला संबंधी परीक्षण एवं ऑडियोमेट्री, अस्थि रोग विभाग द्वारा ऑर्थोपेडिक जांच, तथा पैथोलॉजी/ब्लड बैंक विभाग द्वारा ब्लड ग्रुप एवं हीमोग्लोबिन (Hb) की जांच की गई। साथ ही आवश्यकतानुसार अन्य सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श भी प्रदान किए गए। शिविर में जांच एवं चिकित्सीय परामर्श के उपरांत रोगियों को निःशुल्क दवाओं का भी वितरण किया गया।

द्वितीय कार्यक्रम के अंतर्गत ग्रामीण स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र (RHTC), हवालबाग में एक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र की जनता को विश्व स्वास्थ्य दिवस के लक्ष्य एवं उद्देश्यों के विषय में अवगत कराया गया। साथ ही महिला स्वास्थ्य, पोषण, ब्रेस्ट कैंसर तथा अन्य स्वास्थ्य संबंधी बीमारियों में बरती जाने वाली सावधानियों एवं उनके बचाव के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। इस कार्यक्रम में डॉ. पुष्पित द्वारा उपस्थित जनसमुदाय को स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर विस्तृत जानकारी एवं मार्गदर्शन दिया गया। जागरूकता कार्यक्रम में मोहम्मद इकबाल, रहमत हुसैन एवं अन्य सदस्यों की उपस्थिति रही।

तृतीय कार्यक्रम के अंतर्गत एसएसजेआईएमएस एंड आर, अल्मोड़ा के लेक्चर थिएटर-4 (LT-4) में एमबीबीएस 2023 एवं 2024 बैच के छात्र-छात्राओं के लिए विश्व स्वास्थ्य दिवस क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वास्थ्य विषयक ज्ञान, जनस्वास्थ्य के प्रति रुचि तथा समसामयिक स्वास्थ्य विषयों के प्रति समझ को प्रोत्साहित करना था। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

उक्त समस्त कार्यक्रमों के आयोजन में सामुदायिक चिकित्सा विभाग की प्रमुख एवं मुख्य भूमिका रही। विभागाध्यक्ष डॉ. मस्रूफ एच. खान के मार्गदर्शन में विभागीय गतिविधियों का संचालन किया गया तथा डॉ. मनीष भट्ट एवं डॉ. अंशुल ममगई सहित विभागीय संकाय सदस्यों, कर्मचारियों एवं सहयोगी स्टाफ का सक्रिय योगदान रहा।

संस्थान प्रशासन ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से विश्व स्वास्थ्य दिवस के संदेश को समाज के विभिन्न वर्गों तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सकता है तथा जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकता है।

error: Content is protected !!