राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में क्रीड़ा महोत्सव का भव्य शुभारंभ
भिकियासैंण। राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में आज क्रीड़ा महोत्सव का भव्य शुभारंभ हर्षोल्लास के साथ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भूमि संरक्षण अधिकारी भिकियासैंण, डॉ॰ विपिन कुमार सिंह रहे। उन्होंने शतरंज प्रतियोगिता में पहली चाल चलकर क्रीड़ा महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए खेलों के शैक्षणिक जीवन में महत्व पर प्रकाश डाला और सभी को खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में छात्राओं गीतांजलि, दीपा नैनवाल तथा रजनी आर्य ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ॰ शर्मिला सक्सेना ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अनुशासन एवं खेल भावना के साथ सहभागिता के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ॰ सुभाष चंद्र आर्य द्वारा किया गया, जबकि क्रीड़ा महोत्सव का संचालन क्रीड़ा प्रभारी डॉ॰ राजीव कुमार के निर्देशन में किया जा रहा है। क्रीड़ा महोत्सव के प्रथम दिवस पर इंडोर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें कैरम, शतरंज एवं टेबल टेनिस की प्रतिस्पर्धाएँ उत्साहपूर्वक संपन्न हुईं।
कैरम पुरुष वर्ग में योगेश बिष्ट ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि प्रतीक कांडपाल द्वितीय स्थान पर रहे। कैरम महिला वर्ग में सान्या विजेता रहीं तथा गीतांजलि ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
शतरंज पुरुष वर्ग में सुमित बिष्ट ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि प्रतीक कांडपाल द्वितीय स्थान पर रहे। महिला वर्ग में सिमरन ने प्रथम स्थान तथा स्नेहा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
टेबल टेनिस प्रतियोगिता में महिला वर्ग में सपना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि गीतांजलि द्वितीय स्थान पर रहीं। वहीं पुरुष वर्ग में सुमित बिष्ट ने प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा योगेश बिष्ट ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिताओं के सफल संचालन में डॉ॰ परितोष उप्रेती, श्री भुवन कबडवाल एवं श्री योगेश भट्ट का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में डॉ॰ इला बिष्ट, डॉ॰ वी.एन. पाण्डेय, डॉ॰ कौशल कुमार अग्रवाल, श्री अजय पाण्डेय, डॉ॰ दिनेश कुमार, श्री महेश बलोदी आदि उपस्थित रहे।






