कैथ लैब शुरू कराने और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर भाजपा नेताओं के शिष्टमंडल ने की मेडिकल कॉलेज प्राचार्य से वार्ता
अल्मोड़ा-मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को मजबूत करने और लंबे समय से लंबित कैथ लैब के शीघ्र संचालन की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का एक शिष्टमंडल आज मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य से मिला। इस दौरान नेताओं ने अस्पताल में मरीजों को आधुनिक और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।शिष्टमंडल ने प्राचार्य के समक्ष कैथ लैब के संचालन में हो रही देरी पर गहरी चिंता व्यक्त की।नेताओं ने कहा कि हृदय रोगियों को समय पर उपचार न मिलने के कारण उन्हें अन्य शहरों का रुख करना पड़ रहा है,जिससे आर्थिक और मानसिक दोनों तरह की परेशानी झेलनी पड़ती है।उन्होंने कहा कि यदि कैथ लैब जल्द शुरू होती है तो मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही विशेषज्ञों से उपचार मिल सकेगा और रेफर की समस्या से काफी हद तक निजात मिलेगी।भाजपा नेताओं ने मेडिकल कॉलेज को कुमाऊं क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र बताते हुए यहां संसाधनों और सुविधाओं के विस्तार की मांग है। उन्होंने डॉक्टरों की कमी, आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता और अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
प्राचार्य ने शिष्टमंडल को आश्वस्त किया कि कैथ लैब के संचालन की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है और इसे जल्द शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं।उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है और आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की जा रही है।शिष्टमंडल में शामिल नेताओं ने उम्मीद जताई कि प्रशासन शीघ्र ही ठोस कदम उठाकर मेडिकल कॉलेज को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से सुसज्जित करेगा जिससे क्षेत्र की जनता को बेहतर और सुलभ उपचार मिल सके। भाजपा नेताओं ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में संसाधन बढ़ाने, न्यूरोसर्जन आदि की नियुक्ति के लिए भी जल्द ही मुख्यमंत्री से निवेदन किया जाएगा। भाजपा शिष्टमंडल में वरिष्ठ भाजपा नेता बिट्टू कर्नाटक,पूर्व जिलाध्यक्ष रवि रौतेला,भाजपा नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट ,अभिषेक तिवारी,पूर्व सैनिक रमेश जोशी,देवेंद्र कर्नाटक, हेम जोशी,प्रकाश मेहता सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे ।