Shakti Samachar Online

भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी उत्तराखंड राज्य शाखा कार्यालय को सील किए जाने से पूरे प्रदेश में रेडक्रॉस की मानवीय गतिविधियां ठप

Almora-भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी उत्तराखंड राज्य शाखा कार्यालय को सील किए जाने से पूरे प्रदेश में रेडक्रॉस की मानवीय गतिविधियां ठप हो गई हैं। इस गंभीर स्थिति के विरोध में भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी जिला शाखा अल्मोड़ा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने जिलाधिकारी अल्मोड़ा के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर राज्य शाखा कार्यालय को तत्काल खोलने और वैधानिक रूप से कार्य बहाल करने की स्पष्ट मांग की है।ज्ञापन में कहा गया है कि रेडक्रॉस सोसाइटी अधिनियम 1920 एवं शाखा समिति नियम–2017 के तहत दिसंबर 2025 में उत्तराखंड राज्य शाखा समिति का विधिवत गठन किया गया था। इसके पश्चात राज्य शाखा कार्यालय से सभी प्रशासनिक, राहत एवं सेवा संबंधी कार्य नियमित रूप से संचालित हो रहे थे। लेकिन 22 जनवरी 2026 को अचानक राज्य शाखा कार्यालय को सील कर दिया गया। जिससे न केवल राज्य स्तर बल्कि समस्त जिला शाखाओं का कार्य पूरी तरह बाधित हो गया।ज्ञापन में स्पष्ट रूप से मांग की गई है कि राज्यपाल, रेडक्रॉस राज्य शाखा के अध्यक्ष होने के नाते हस्तक्षेप करें और उत्तराखंड राज्य शाखा कार्यालय को तत्काल यथावत रूप से खुलवाएं, ताकि वर्तमान वैधानिक राज्य कार्यकारिणी के माध्यम से रेडक्रॉस के समस्त कार्यों का संचालन फिर से शुरू हो सके।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि कार्यालय सील होने के कारण कार्यरत कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल पा रहा है, जिससे संगठनात्मक ढांचा कमजोर हो रहा है। रेडक्रॉस जैसी सेवा संस्था का इस प्रकार निष्क्रिय होना जनहित के लिए घातक बताया गया है।
जिलाधिकारी को ज्ञापन देने वालों में रेडक्रास अध्यक्ष आशीष वर्मा,कोषाध्यक्ष रेडक्रॉस दीप जोशी,डॉक्टर जे सी दुर्गापाल,युवा रेडक्रॉस अध्यक्ष एवं पार्षद अमित साह मोनूपार्षद अभिषेक जोशी,कृष्ण बहादुर सिंह,अनूप साह,रीता दुर्गापाल,पुष्पा सती,मीता उपाध्याय आदि सामिल थे।

error: Content is protected !!