रैमजे इंका के पूर्व शिक्षक जगदीश चंद्र जोशी नहीं रहे -लखनऊ में अंतिम सांस ली
अल्मोड़ा। नगर के रानीधारा निवासी रैमजे इंटर कालेज के अवकाश प्राप्त शिक्षक जगदीश चंद्र जोशी का 86 साल की उम्र में निधन हो गया है। स्व जोशी ने शनिवार को लखनऊ में अपनी बड़ी बेटी अंशु पांडे दामाद मुकुल पांडे के आवास में अंतिम सांस ली। स्व जगदीश चंद्र जोशी रानीधारा निवासी स्वतंत्रता सेनानी उस दौर के कांग्रेस जिलाध्यक्ष रहे जाने माने वकील स्व हरीश चंद्र जोशी के दूसरे पुत्र थे। उनके बड़े भाई वरिष्ठ अधिवक्ता स्व चंद्र शेखर जोशी का पहले निधन हो गया था। स्व जगदीश चंद्र जोशी शिक्षक के साथ ही कलाकार भी थे। रंगमंच के साथ ही श्री लक्ष्मी भंडार हुक्का क्लब नंदा देवी आदि स्थानों में होने वाली नगर की रामलीलाओं विशेष भूमिका रहती थी। कलाकारों के मेकअप आदि में उनके सहयोग को हमेशा सराहा गया। जानकारी के अनुसार तीन दिन पहले उनको स्वास्थ्य संबंधित शिकायत हुई। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। शनिवार को कोई सुधार नहीं होने पर परिजन उन्हें घर ले आए। जहां दोपहर बाद उन्होंने अंतिम सांस ली। इस मौके पर उनकी पत्नी गीता जोशी छोटे भाई पूर्व सहायक निदेशक सूचना दीपक जोशी, बहू पूर्व जिला सूचना अधिकारी गीता जोशी, छोटी बेटी अनुजा व दामाद कमल उपाध्याय आदि मौजूद रहे। स्व जोशी के निधन पर नगर के शिक्षकों वी सांस्कृतिक कर्मियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।