Shakti Samachar Online

हवालबाग ब्लॉक से किसान दिवस का शुभारंभ

Almora-जनपद अल्मोड़ा के हवालबाग ब्लॉक से किसान दिवस का शुभारंभ हो गया है। आज विकासखंड सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने द्वीप प्रज्वलन के साथ किया। शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक महीने के द्वितीय गुरुवार को किसान दिवस का आयोजन सभी जिलों में किया जाएगा। इस किसान दिवस में किसानों की विभिन्न समस्याओं का समाधान करने के साथ ही खेती किसानी को बढ़ावा दिए जाने हेतु कार्यक्रम आयोजित होंगे।

आज हवालबाग ब्लॉक में आयोजित इस किसान दिवस में किसानों की समस्याओं का समाधान करने तथा विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के लिए कई स्टॉल भी लगाए गए, जिसके माध्यम से किसान भाइयों एवं बहनों ने लाभ उठाया।

केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने विकासखंड सभागार में उपस्थित किसानों की समस्याओं को भी सुना। किसानों ने जंगली जानवरों से फसल की सुरक्षा के उपाय करने, सिंचाई की सुविधाओं को बढ़ावा दिए जाने की मांग करते हुए उनकी समस्याओं का समाधान करने की बात रखी। केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि जो समस्याएं वास्तविक हैं, उनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने इसके लिए संबंधित अधिकारियों को कहा कि इन समस्याओं के निस्तारण के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन सिंचाई स्कीमों में सिंचाई की सुविधा में व्यवधान उत्पन्न हो रहा है, उसके समाधान के लिए प्राथमिता से कार्य किया जाए।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने मुख्य कृषि अधिकारी को निर्देश दिए कि जिन किसानों को किसान सम्मान निधि को प्राप्त करने में समस्या आ रही है, उन सभी समस्याओं को दूर किया जाए तथा नियमित रूप से किसानों को इस योजना का लाभ दिलाया जाए।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि योजनाओं के कन्वर्सेशन से कई समस्याओं का समाधान किया जा सकता है। उन्होंने मुख्य कृषि अधिकारी को संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर प्रभावी और लाभकारी कार्य प्रस्तावित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मनरेगा जैसी योजनाओं का उपयोग भूमि सुधार, जल संरक्षण, फसल सुरक्षा जैसे कार्यों में अधिक से अधिक किया जाए।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, डायरेक्टर विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान डॉ लक्ष्मीकांत, ब्लॉक प्रमुख हवालबाग हिमानी कुंडू, मुख्य कृषि अधिकारी आनंद गोस्वामी समेत अन्य संबंधित अधिकारी तथा बड़ी संख्या में किसान, तथा महिलाएं उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!