संगठन को सशक्त बनाने के लिए बूथ स्तर तक सक्रियता आवश्यक : मनीष जोशी
अल्मोड़ा। भारतीय जनता पार्टी अल्मोड़ा ज़िले के अंतर्गत लमगड़ा मंडल की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक का आयोजन हनुमान मंदिर के रामलीला मैदान में किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाना तथा प्रदेश एवं केंद्र स्तर से प्राप्त संगठनात्मक कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक प्रभावी रूप से क्रियान्वित करना रहा।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला मीडिया संयोजक अल्मोड़ा एवं लमगड़ा मंडल प्रभारी मनीष जोशी ने कार्यकर्ताओं को संगठन की वर्तमान आवश्यकताओं और आगामी कार्ययोजना से अवगत कराया। उन्होंने अपने संबोधन में चार प्रमुख विषयों पर विस्तार से चर्चा की, जिनमें SIR से संबंधित आवश्यक जानकारी, BLA-2 की भूमिका एवं दायित्व, मन की बात कार्यक्रम की सुदृढ़ तैयारी तथा सरल ऐप एवं अन्य संगठनात्मक विषय प्रमुख रहे।
जोशी ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता लोकतंत्र की मजबूती की बुनियाद है, और इस कार्य में BLA-2 की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे मतदाता सूची के गहन निरीक्षण में पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, जिससे प्रत्येक पात्र मतदाता का अधिकार सुरक्षित रह सके।
उन्होंने मन की बात कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जनता से संवाद का प्रभावी माध्यम बताते हुए कहा कि इसे प्रत्येक बूथ पर व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाना चाहिए, ताकि राष्ट्र निर्माण के विचारों को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।
डिजिटल सशक्तिकरण पर जोर देते हुए जोशी ने कहा कि सरल ऐप संगठन और कार्यकर्ता के बीच सेतु का कार्य करता है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से ऐप के अधिकतम उपयोग तथा अन्य कार्यकर्ताओं को इससे जोड़ने का आह्वान किया।
बैठक में जोशी ने शक्ति केंद्र संयोजकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे शीघ्र ही बूथ स्तर की बैठकों का आयोजन सुनिश्चित करें, जिससे संगठन की नीतियां और कार्यक्रम अंतिम कार्यकर्ता तक प्रभावी रूप से पहुंच सकें। उन्होंने कहा कि “बूथ जीता, चुनाव जीता” का मंत्र केवल नारा नहीं, बल्कि संगठन की कार्यसंस्कृति है, जिसे हर कार्यकर्ता को आत्मसात करना होगा।
जोशी ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को यह आश्वासन भी दिया कि संगठन को आगे बढ़ाने तथा प्रदेश स्तर से प्राप्त सभी कार्यक्रमों और अभियानों को बूथ स्तर तक पूरी निष्ठा, लगन एवं अनुशासन के साथ लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और समर्पण पर निर्भर करती है।
बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष हरिश सिजवाली ने की, जबकि संचालन मंडल महामंत्री शंकर मनराल द्वारा किया गया। बैठक में मुख्य रूप से मंचासीन ब्लॉक प्रमुख त्रिलोक रावत, जिला उपाध्यक्ष संजय डालाकोटी , पूर्व मंडल अध्यक्ष बालम कपकोटी एवं हरिश बिष्ट उपस्थित रहे।
बैठक में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं मातृशक्ति की सहभागिता रही। कार्यक्रम का समापन संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, बूथ स्तर तक कार्य विस्तार करने तथा आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के संकल्प के साथ किया गया।
उपस्थित कार्यकर्ता में जगदीश सिंह रावत, नीमा ढेला, नंदन सिंह बिष्ट, भावना बिष्ट, जीवन सिंह, पुष्कर नैनवाल, दीवान सिंह बोरा, नवीन ढैला , देवेंद्र रावत, हरीश कपकोटी, भीम सिंह आदि मौजूद रहे।