Shakti Samachar Online

हेमा गैड़ा जिला पंचायत की तीसरी महिला अध्यक्ष बनी


कई नामचीन हस्तियों ने संभाला है यह दायित्व
जगदीश जोशी वरिष्ठ पत्रकार

अल्मोड़ा। हेमा गैड़ा ने अल्मोड़ा जिपं अध्यक्ष पद का औपचारिक कार्यभार शुक्रवार को ग्रहण कर लिया है। इस प्रतिष्ठित पद पर बैठने वाली वह तीसरी महिला हैं। उनके शपथ ग्रहण समारोह में प्रदेश की एकमात्र महिला काबीना मंत्री रेखा आर्या बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रही और डीएम आलोक कुमार पांडेय ने उन्हे शपथ दिलाई। यह इत्तेफाक ही रहा है कि जिपं की पहली महिला अध्यक्ष पार्वती महरा उनकी निकट की रिश्तेदार हैं। पार्वती महरा जागेश्वर के वर्तमान विधायक मोहन सिंह महरा की पत्नी हैं जोकि स्वयं भी इस पद पर रह चुके हैं। निर्वतमान जिपं अध्यक्ष उमा बिष्ट दूसरी महिला अध्यक्ष रहीं। जिनका हाल में असामयिक निधन हो गया है। कांग्रेस से जुड़ी उमा बिष्ट ने भी एक रिकार्ड बनाया था। उन्होंने महिला होने के बावजूद जिपं अध्यक्ष की सामान्य सीट पर विजय हासिल कर कीर्तिमान स्थापित किया। स्व उमा बिष्ट द्वाराहाट के विधायक मदन बिष्ट की पत्नी थीं। यहां उल्लेखनीय है कि कुमाऊं के सबसे पुराने जिले अल्मोड़ा में जिला पंचायत का गठन अंग्रेज शासनकाल में हुआ था। 1922 में डिस्ट्रिक बोर्ड नाम से इसकी शुरूआत हुई। स्वाभाविक तौर पर पहले अध्यक्ष अंग्रेज आईसीएस एमएफसीएम क्विकसैक रहे। अपने जमाने के जानेमाने वकील स्व लक्ष्मीदत्त पांडे डिस्ट्रिक बोर्ड के पहले भारतीय अध्यक्ष रहे। उनके बाद ख्यातिलब्ध स्वतंत्रता सेनानी राम सिंह धोनी पं हरगोविंद पंत हीरा बल्लभ पांडे जंगबहादुर बिष्ट भूपाल सिंह खाती व गोवर्धन तिवारी जैसे नामचीन हस्तियों ने इस पद को सुशोभित किया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गोपाल सिंह धपोला ने भी इस पद को सुशोभित किया। कई सालों तक प्रशासक के अधीन रहने के बाद गरुड़ बागेश्वर के शीतल सिंह परिहार अध्यक्ष बने। उनके बाद बागेश्वर के ही जवाहर सिंह परिहार ने यह पद संभाला। वर्तमान केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा भी जिपं अध्यक्ष का दायित्व संभाल चुके हैं। पृथक उत्तराखंड राज्य गठन के बाद जागेश्वर के वर्तमान विधायक मोहन सिंह महरा पहले अध्यक्ष रहे। उनके बाद उनकी पत्नी पार्वती महरा अध्यक्ष रहीं जबकि निर्वतमान जिपं अध्यक्ष का दायित्व स्व उमा बिष्ट ने संभाला था। वह बाद में कुछ समय प्रशासक भी रहीं। जिपं के इस बार औपचारिक गठन से पहले गत 10 जून 2025 से डीएम आलोक कुमार पांडे यह कार्यभार संभाल रहे थे।

——————————————————-

अध्यक्ष हेमा गैड़ा व उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नेगी सहित 45 ने शपथ ली- शुक्रवार को जिपं परिसर के शपथ ग्रहण समारोह में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष सहित सभी 45 सदस्यों ने शपथ ली। इनमें भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल चंपा आर्या कुंदन सिंह भंडारी भुवन चंद्र जोशी संतोष कुमार युगल किशोर सूरज उपाध्याय माया देवी दीपक प्रभाकर भूपाल सिंह भंडारी सरस्वती देवी किरन नेगी हर्षिता वर्मा मीना शर्मा सुंदर सिंह नेगी किशोर कुमार मनमोहन सिंह पुष्पा देवी पूजा रावत शंभू रावत हर्ष सिंह अंबा देवी नीमा देवी हिमांशु कुमार मीना बिष्ट शांति उप्रेती प्रदीप कुमार निशा कनवाल पुष्पा आर्या कुंदन राम ममता कनवाल प्रेम सिंह लटवाल प्रदीप कुमार मेहता नवीन चंद्र पूजा आर्या रजनी फर्त्याल सुनीता कुंजवाल भावना जोशी मुन्नी आर्या हेमा देवी स्वेता फुलारी शैलजा चम्याल व मंजू टम्टा शामिल रहे।

error: Content is protected !!