अल्मोड़ा जिपं अध्यक्ष का पद महिला के लिए हुआ आरक्षित

25 में से एक के महिला सदस्य के सर सजेगा ताज
अल्मोड़ा। जिले में जिला पंचायत अध्यक्ष का पद आखिरकार महिला के लिए आरक्षित हो गया है। उत्तराखंड शासन के पंचायती राज विभाग ने बुधवार यानि आज अंतिम आरक्षण सूची जारी कर दी है। सचिव चंद्रेश कुमार की ओर से जारी सूची में अल्मोड़ा जिला पंचायत का पद महिला के लिए आरक्षित कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि निर्वतमान जिलाध्यक्ष उमा सिंह बिष्ट सामान्य सीट पर जीत दर्ज कर महिला अध्यक्ष बनीं थीं।
अल्मोड़ा जिपं की चुनी हुई 25 महिलाएं- जिले में 45 जिपं सदस्यों में से 25 महिला सदस्य चुन कर आई हैं। पंचायत चुनाव प्रक्रिया के बीच किसी पार्टी ने प्रत्याशियों को सिंबल नहीं दिया था लेकिन दिए गए समर्थन आधार पर जीते हुए प्रत्याशियों की गणना की गई है। इसमें भाजपा की ओर से जीत दर्ज करने वाली महिला उम्मीदवारों में मीना शर्मा अम्बा देवी बीना बिष्ट ममता कनवाल चंपा देवी व श्वेता शामिल बताई जा रही हैं जबकि कांग्रेस समर्थित महिला प्रत्याशियों में हर्षिता वर्मा पूजा रावत नीमा देवी निशा कनवाल पूजा आर्या भावना जोशी हेमा देवी मुन्नी आर्या शैलजा चम्याल रजनी फर्त्याल सुनीता कुंजवाल व माया देवी शामिल हैं। इधर निर्दलीय तौरपर जीत दर्ज करने वाली महिला जिपं सदस्यों में पुष्पा नेगी सरस्वती देवी किरन नेगी शांति उप्रेती पुष्पा आर्या हेमा गैड़ा व मंजू टम्टा शामिल हैं। महिला जिपं सदस्यों में कांग्रेस समर्थितों की तादात अधिक है निर्दलीय भाजपा से एक अधिक हैं। अभी तक पूर्व विस अध्यक्ष जागेश्वर के पूर्व विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल की बहू सुनीता कुंजवाल के अलावा जागेश्वर से वर्तमान भाजपा विधायक मोहन सिंह मेहरा की रिश्तेदार निर्दलीय चुन कर आई हेमा गैड़ा के नाम चर्चा में हैं। हालांकि भाजपा व कांग्रेस की ओर से इसको लेकर औपचारिक घोषणा का इंतजार है।
